विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि जमू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर आतंकियों ने कायराना पूर्वक हमला किया है। सरकार कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले आतंकियों से क्षेत्र को पूरी तरह से खाली करवाएं।
सिरोही। विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व वर्तमान में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के महासचिव चंपत राय ने कहा कि जमू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर आतंकियों ने कायराना पूर्वक हमला किया है। सरकार कार्रवाई करते हुए हमला करने वाले आतंकियों से क्षेत्र को पूरी तरह से खाली करवाएं। उन्होंने कहा कि आतंक के बीज को काफी हद तक समाप्त कर दिया गया है, फिर भी जो बचे खुचे हैं, उनको भी संपूर्ण समाप्त किया जाए।
चंपत राय मंगलवार को जिला मुयालय स्थित आदर्श विद्या मंदिर में विश्व हिन्दू परिषद के राजस्थान क्षेत्र के जयपुर-जोधपुर प्रांत के शिक्षा वर्ग कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इससे पहले वे मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि 2 दिन पूर्व तीर्थ यात्रियों के साथ घटी घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना के विरोध में बुधवार को शोक संतप्त परिवारों के समर्थन में विश्व हिंदू परिषद की ओर से संपूर्ण भारत में जिला कलक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपें जाएंगे।
राय ने बताया कि अप्रेल, मई, जून के महीनों में संपूर्ण भारत में विश्व हिंदू परिषद दायित्व वान कार्यकर्ताओं के सर्वांगीण विकास के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता है। इन शिविरों में 10 से 12 हजार युवक-युवतियां प्रशिक्षण लेते हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में अभी प्रथम तल का कार्य चल रहा है। राय ने कहा की राम मंदिर के परकोटे में देवी-देवताओं के 6 मंदिर बनाए जाने है, इन मंदिरों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। राम मंदिर में 800 मीटर लंबा परकोटा का निर्माण किया जा रहा है। जहां भगवान सूर्य, भगवान शंकर, माता भगवती, गणपति, हनुमानजी के अलावा अन्नपूर्णा देवी का मंदिर बनेगा।
उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि में अभी प्रतिदिन 1 लाख से अधिक दर्शनार्थी दर्शन के लिए आ रहे हैं। मंदिर में प्रात: 6.30 बजे से लेकर रात्रि 9.30 बजे तक मंदिर में दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए राम पथ मार्ग पर पानी पीने की सुविधा उपलब्ध है। दर्शन करने से पहले आपको अपना फोन बाहर रखना होता है। इसके लिए फ्री लॉकर सुविधा उपलब्ध है। इसमें एक समय में दस हजार मोबाइल रखे जा सकते हैं।
वृद्ध और दिव्यांग लोग यदि दर्शन करने जा रहे हैं और चलने में असमर्थ हैं तो उन लोगों के लिए फ्री व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध है। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश पटेल, प्रांतमंत्री सतीश सिंह एवं जिलाध्यक्ष शंकरलाल माली उपस्थित थे।