सोनभद्र में मिट्टी लेने गए कुछ लोग मिट्टी के टीले के नीचे दब गए। फिलहाल मौके से तीन महिलाओं के शव निकाल लिए गए हैं। अन्य लोगों की तलाश जारी है...
सोनभद्र: मेयोरपुर इलाके में मिट्टी लेने गए पांच लोग मिट्टी का टीला ढहने से उसके नीचे दब गए। मौके पर रहता और बचाव कार्य शुरू होने के बाद तीन महिलाओं के शव बरामद किए गए हैं। फिलहाल, अन्य दबे हुए लोगों को निकालने का प्रयास जारी है।
घर की पुताई के लिए मिट्टी लाने गए थे लोग
जानकारी के मुताबिक, मयोरपुर के किरवानी में घर की पुताई करने के लिए मिट्टी लाने गए पांच लोग मिट्टी के टीले में दब गए। मौके पर चीख-पुकार मचने और सूचना के बाद पुलिस पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल तीन महिलाओं के शव बरामद हुए हैं।
जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है
जानकारी के मुताबिक, लोग जब मिट्टी का खनन कर रहे थे इस दौरान एक मिट्टी का बड़ा टीला उनके ऊपर ढह गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ पहुंची है और जेसीबी की मदद से मलबा को हटाया जा रहा है। मृतकों में सदीकुन्निसा, अनिशा और सीता शामिल हैं।
अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली थी कि कुछ लोग मिट्टी के टीले के नीचे दबे हुए हैं, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल, तीन लोगों को निकाल कर अस्पताल भेजा गया जिन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। लोगों की सूचना के आधार पर अन्य लोगों को तलाशने का कार्य जारी है।