वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की शाम दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई और इसमें जलकर दो लोगों की मौत हो गई..
सोनभद्र: जनपद के हाथी नाला थाना क्षेत्र के एक गांव में दो ट्रकों के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस दुर्घटना में पुलिस ने एक ट्रक के चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि एक और शख्स भी घटना के समय ट्रक में मौजूद था। हालांकि, उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार की शाम दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई और इसमें जलकर दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में मारे गए लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाल लिया। वहीं, बताया जा रहा है कि एक अन्य शख्स भी ट्रक में मौजूद था, लेकिन फिलहाल उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ट्रकों की रफ्तार तेज थी और दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए और अचानक उनमें आग की लपटें उठने लगी। आग में दोनों ट्रैकों के चालक और खलासी फंस गए। इस दौरान दो लोग आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए, जबकि एक शख्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान आशंका जताई जा रही है कि एक और व्यक्ति भी ट्रक में मौजूद था लेकिन उसकी जानकारी नहीं हो पाई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हाथी नाला और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, एक ट्रक चालक को बाहर निकाल लिया गया है, जिसे हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती करवा कर उसका इलाज करवाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आसपास के लोगों ने बताया कि एक अन्य शख्स भी ट्रक में मौजूद था। हालांकि, अभी उसका पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी होने के बाद एसपी अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी हर्षित पांडे और अमित कुमार के अलावा कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। इस दौरान दोनों ट्रकों में आग लगी हुई थी, जिसके बाद हिंडाल्को और अल्ट्राटेक सीमेंट की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाकर आग पर काबू पाया गया।