खास खबर

विधानसभा सत्र से पहले जयपुर में कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन,कर्मचारी महासंघ ने निकाली चेतावनी रैली

Jan 13, 2026
Feature image

जयपुर. राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सोमवार को सरकार की कर्मचारियों से संवादहीनता और लंबित मांगों के विरोध में चेतावनी रैली निकाली गई। रैली रामनिवास बाग से शुरू होकर बाईस गोदाम तक पहुंची। बाईस गोदाम सर्कल पर महासंघ अध्यक्ष महावीर प्रसाद शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया।

महासंघ अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अधीनस्थ सेवा के कर्मचारियों से वादा खिलाफी कर रही है। यदि सरकार ने पुरानी पेंशन योजना से छेड़छाड़ की तो 24 घंटे की चेतावनी पर प्रदेश के 8 लाख कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि बजट में घोषणा के बावजूद 11 सूत्री मांगें अब भी लंबित हैं। इसी के विरोध में बजट के दिन सभी जिला मुख्यालयों पर सद्बुद्धि यज्ञ किया जाएगा।

महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेज सिंह राठौड़ ने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी के कारण कर्मचारियों को सड़क पर उतरने की नौबत आ गई है।

संघर्ष चेतना यात्रा और महाधिवेशन

पदाधिकारियों ने बताया कि महारैली से पूर्व महासंघ ने प्रदेश के सभी जिलों में संघर्ष चेतना यात्रा निकालकर कर्मचारियों से संवाद कायम किया। इसके बाद 14 दिसंबर को जयपुर में संघर्ष चेतना महाधिवेशन आयोजित कर सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी थी। लेकिन सरकार की संवादहीनता के कारण महासंघ ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।

Updated on:
13 Jan 2026 11:49 am
Published on:
13 Jan 2026 11:49 am