जयपुर. तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों ने कूलर-एसी की सार-संभाल शुरू कर दी है, घरों में कूलर-पंखे चलने लगे हैं। इस बार बाजार में अभी से कूलर और एसी की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। आमतौर पर इस तरह की बिक्री 15 मार्च के बाद देखने को मिलती है, लेकिन तापमान बढ़ने से […]
जयपुर. तापमान बढ़ने के साथ ही लोगों ने कूलर-एसी की सार-संभाल शुरू कर दी है, घरों में कूलर-पंखे चलने लगे हैं। इस बार बाजार में अभी से कूलर और एसी की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। आमतौर पर इस तरह की बिक्री 15 मार्च के बाद देखने को मिलती है, लेकिन तापमान बढ़ने से इस बार बाजार में कूलर-एसी की खरीदारी पहले से ही शुरू हो गई है।
शहर के जयंती बाजार, टोंक रोड, झोटवाड़ा रोड, वैशाली नगर, मानसरोवर के साथ चांदपोल बाजार, किशनपोल बाजार में कूलर-पंखें व एसी के शोरूमों व प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आने लगी है। व्यापारियों के अनुसार यह भीड़ पिछले एक सप्ताह से नजर आ रही है। इस बार गर्मी जल्दी आने से ग्राहकी ने भी बिक्री की गति पकड़ ली है। जयंती बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। परिवार के साथ लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं, अलग-अलग कंपनियों के मॉडल देख रहे हैं और कीमत व फीचर्स की तुलना कर खरीदारी कर रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के व्यापारियों का कहना है कि इस बार कूलर के मुकाबले एसी की मांग अधिक देखने को मिल रही है। मध्यम वर्गीय परिवार भी अब एसी को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि कूलर की मांग भी कम नहीं है। खासतौर पर छोटे घरों, किराए के मकानों और छात्रावासों में रहने वाले लोग अब भी कूलर को ही बेहतर विकल्प मान रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक अभी तो सीजन की शुरुआत है, लेकिन जिस तरह से ग्राहकों की भीड़ बाजारों में दिख रही है, उससे लग रहा है कि इस बार पिछले वर्षों के मुकाबले बिक्री अधिक होने का अनुमान है।
व्यापारियों के अनुसार बाजार में इस समय एक हजार से 12 हजार रुपए तक के कूलर बिक रहे हैं, जबकि 4 हजार से 25 हजार रुपए तक के कूलर उपलब्ध हैं। वहीं एसी की कीमत 26 हजार से 70 हजार रुपए तक है। इसके बावजूद लोग आराम के लिए एसी पर खर्च करने से पीछे नहीं हट रहे।
दिन - ताममान (डिग्री सेल्सियस)
4 मार्च - 35.8
5 मार्च - 35.8
6 मार्च - 36
7 मार्च - 36.2
8 मार्च - 37.1
9 मार्च - 37.8
3 लाख एसी की बिकने की उम्मीद
इस बार गर्मी जल्दी आने से एसी-कूलर की ब्रिकी पहले ही शुरू हो गई है। एक सप्ताह में जयपुर में 20 हजार से अधिक एसी और 30 हजार से अधिक कूलर बिक गए। सीजन में 3 से 4 लाख कूलर और ढाई से 3 लाख एसी की बिक्री होने की उम्मीद है।
-सचिन गुप्ता, प्रदेशाध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया