खेल

Asian Game 2026: भारत के खाते में एक और पदक, शॉटपुट में मनप्रीत कौर ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

Manpreet Kaur: मनप्रीत कौर ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। 36 वर्षीय मनप्रीत ने 17.17 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर पहली बार एशियन गेम्स के पोडियम पर जगह बनाई।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
Manpreet kaur wins bronze in asian games 2026.
मनप्रीत कौर ने शॉटपुट में भारत को दिलाया ब्रॉन्ज। (Photo- X/@afiindia)

Manpreet Kaur clinches bronze: भारत की मनप्रीत कौर ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। 36 वर्षीय मनप्रीत ने 17.17 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर पहली बार एशियन गेम्स के पोडियम पर जगह बनाई। मनप्रीत ने 16.32 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया और चौथे प्रयास में 17.17 मीटर का थ्रो करते हुए कांस्य पदक पक्का किया।

शॉटपुट में मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला

मनप्रीत कौर कांस्य पदक जीतकर एशियन गेम्स की शॉटपुट स्पर्धा में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बन गईं। इससे पहले बारबरा वेबस्टर (1951) और किरण बालियान (2023) इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली अन्य दो भारतीय महिलाएं हैं। दोनों महिलाओं ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

धीमी शुरुआत के बाद किया बेहतर प्रदर्शन

मनप्रीत कौर ने धीमी शुरुआत की, लेकिन बाद में उन्होंने लय हासिल कर लिया। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 16.32 मीटर थ्रो किया, जो उनके स्तर के मुताबिक अच्छा प्रदर्शन नहीं था। इसके बाद उन्होंने हर प्रयास के साथ अपना प्रदर्शन बेहतर किया। चौथे प्रयास में उन्होंने पहली बार 17 मीटर का आंकड़ा पार किया। इस थ्रो के साथ उनका कांस्य पदक लगभग पक्का हो गया। वहीं कृष्णा जयशंकर मेनन 16.57 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ 5वें स्थान पर रहीं।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक से चूक गई थीं

36 वर्षीय मनप्रीत के लिए यह पोडियम पर शानदार वापसी है। वह एक दशक से अधिक समय से सीनियर स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। चार साल का डोपिंग प्रतिबंध पूरा करने के बाद उन्होंने 2021 में प्रतियोगिता में वापसी की थी। इससे पहले उन्होंने हांगझोउ 2023 एशियन गेम्स में पांचवां स्थान हासिल किया था। वहीं, 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी वह पदक से मामूली अंतर से चूक गई थीं और 17.49 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रही थीं।

सॉन्ग जियायुआन ने गोल्ड जीता

चीन की सॉन्ग जियायुआन ने पहले थ्रो से ही मुकाबले में बढ़त बना ली थी। दूसरे थ्रो में उन्होंने 19.40 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे उन्होंने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। इसके साथ ही चीन ने एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में लगातार 13वीं बार स्वर्ण पदक जीता। चीन की ही झांग लिनरू ने सिल्वर मेडल जीता।

Updated on:
25 Sept 2026 05:18 pm
Published on:
25 Sept 2026 04:41 pm