
श्रीगंगानगर। चूड़ा जो सुहाग का प्रतीक है और हर सुहागिन जिसे पहनकर अपने प्रियतम को रिझाने का प्रयास करती है। उस चूड़े को बनाने के पीछे शोषण और बाल मजदूरी की ऐसी कहानी भी है जो आपको हिला सकती है। जी हां श्रीगंगानगर के चक तीन ई छोटी के एक घर में संचालित हो रही चूड़ा फैक्ट्री में बाल मजदूरों से काम कराया जा रहा है। इस फैक्ट्री से मुक्त कराये 23 बच्चे ऐसे भी हैं जिन्होंने नौ महीने से सूरज की नहीं देखा।
गुरुवार को मानव तस्करी विरोधी यूनिट, तपोवन चाइल्ड लाइन 1098, बाल कल्याण समिति ने संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए 23 मासूमों को मुक्त कराया है। सात से 15 वर्ष तक की उम्र के बच्चों को एक कमरे में बंद कर चूड़ा बनवाने का कार्य कराया जा रहा था। मानव तस्करी विरोधी यूनिट गुरुवार को तीन ई छोटी की गली नंबर दो में पहुंची। मकान का ताला तोडकऱ अंदर गए तो वहां सात से 15 साल के बच्चे काम करते मिले।
बताया गया कि उनसे अमानवीय तरीके से 18 से 20 घंटे काम करवाया जा रहा था, और नौ महीने से दिन और रात कब होती है पता ही नहीं है। सुनकर आपकी रुह भले ही कांप गई होगी लेकिन इन चूड़े बनाने के काम में धकेले गए मासूम बच्चे इसी तरह की यातनाएं झेल रहे हैं।
मानव तस्करी विरोधी यूनिट दूसरे राज्यों से यहां तस्करी कर लाए गए बच्चों को छुड़वाने पहुंची तब बच्चे कमरे में बंद थे और बाहर ताला लगाया हुआ था। एक बार चूड़ा फैक्ट्री के मालिक ने विरोध किया लेकिन यूनिट ने विरोध को दरकिनार करते हुए ताले को तोड़ा तो पुलिस अंदर के हालात देखकर सन्न रह गई। छोटे से कमरे को किराए पर लेकर बच्चों से चूड़े बनवाए जा रहे थे।
अंदर मासूम बच्चे पसीने से लथपथ अपने काम में तल्लीन थे। उन्हें पुलिस के कमरे में दाखिल होने का आभास हुआ तो वे एक दूसरे के पीछे छिपने का प्रयास करने लगे। मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी एएसआई जगजीत सिंह ने बताया कि चूड़ा फैक्ट्री मालिक मोहम्मद मुजाहिर पुत्र मोहम्मद एहसान जिला गया, बिहार को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरा मालिक रहीश पुत्र मोहम्मद जुल्फीकार निवासी गया बिहार अपने घर गया हुआ है।
थप्पड़ मार जगाते और काम पर लगा देते
जांच अधिकारी एएसआई जगजीत सिंह ने पूछा तो बताया कि उनको गांव से लाने वाले अंकल कमरे से बाहर ही नहीं निकालते थे। दिनभर काम करते और पेशाब के लिए भी बाहर नहीं जाने देते। बच्चे जिस कमरे में कैद थे उसी कमरे के एक कोने में पेशाब करते थे। दूसरे कोने में एक मटका और एक गिलास रखा था।
उसमें से गर्म पानी मासूम बच्चों की प्यास बुझाता था। काम करते करते थककर वहीं सो जाते। आरोपी गेट खोलते और थप्पड़ मारकर नींद से जगाते और फिर काम पर लगा देते। किसी बच्चे की थकान की वजह से नींद नहीं खुलती तो आरोपी गर्म सरिये से दागने से भी नहीं चुकते।
रोजाना दाल-चावल वो भी भरपेट नहीं
बच्चों को जब मानव तस्करी विरोधी यूनिट लाए तो बच्चों में बोलने का थोड़ा हौसला आया और उन्होंने बताया कि रोजाना दाल-चावल ही खाने को दिया जाता है। वह भी बर्तन ज्यादा
नहीं होने के कारण चार से पांच जने एक बर्तन में खाना खाते हैं। हाथ धोने को पानी नहीं था तो बच्चे हाथों को अपने कपड़ों पर पोंछकर फिर से काम पर लग जाते। 18-20 घंटे काम करने के बाद उसी एक कमरे में सभी बच्चे सो जाते। कमरे में न पंखा, न कूलर इस भीषण गर्मी में पसीने से लथपथ बच्चों से लिया जा रहा था काम काम और बस काम।