-ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश लंबे समय बाद कलक्टर ने मिर्जेवाला में लगाई रात्रि चौपाल
श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर लोकबंधु ने पंचायत समिति श्रीगंगानगर की ग्राम पंचायत मिर्जेवाला में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुन मौके पर ही अधिकारियों को परिवेदनाओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति करवाने, नशे और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई सहित अन्य मांग की गई। इस पर जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी जीतू कुलहरी को सभी प्रकरणों की जांच कर ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नशे को सामाजिक बुराई बताते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से ऑपरेशन सीमा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा अब सामाजिक बुराई बन चुका है। इसको दूर करने और इसके प्रभाव को रोकने के लिए हम सभी को एक साथ आना होगा। प्रयास करने होंगे। प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। युवा वर्ग, ग्रामीण भी इससे दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
जिला कलक्टर ने रात्रि चौपाल में अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण किया जाए। ग्रामीणों से पेयजल और विद्युत आपूर्ति की जानकारी लेते उन्होंने उपस्थितजनों को भीषण गर्मी के मद्देनजर लू एवं हीट वेव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा लू से प्रभावितों के उपचार के संबंध में जानकारी दी।