
गंगानगर सीट पर फैसला आज आक्रोश सभा में
श्रीगंगानगर. कांग्रेस और भाजपा की टिकट बंटने के बाद विरोध के स्वर मंद पडऩे की बजाय मुखर होते जा रहे हैं। शनिवार को करणपुर सीट के लिए कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने के बाद वहां भी विरोध के स्वर उठ रहे हैं। सादुलशहर और रायसिंहनगर में भाजपा और कांग्रेस दोनों की टिकटों पर विवाद जारी है। अनूपगढ़ और सूरतगढ़ में कांग्रेस की टिकटों का विरोध मुखर हो गया है।
गंगानगर में कांग्रेस की टिकट पर शुरू हुए विरोध का रविवार को पटाक्षेप होने की संभावना है। कांग्रेस की टिकट के दावेदार राजकुमार गौड़ ने रविवार सुबह 10 बजे सुखाडिय़ा सर्किल के पास गोपीराम गोयल की बगीची में आक्रोश सभा रखी है। कार्यकर्ताओं और अन्य दावेदारों की राय पर वह चुनाव लडऩे की घोषणा कर सकते हैं। गंगानगर सीट से कांग्रेस की टिकट के अन्य दावेदार जयदीप बिहाणी, जगदीश जांदू और कश्मीरीलाल जसूजा भी पार्टी के निर्णय पर विरोध जता चुके हैं।
सादुलशहर. सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के दावेदार ओम बिश्रोई ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में पार्टी नेताओं पर षडयंत्र के तहत टिकट काटने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद शनिवार देर शाम बिश्नोई ने निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा की। वह सोमवार को नामांकन पत्र भरेंगे।
अनूपगढ़. कांग्रेस की टिकट कुलदीप इंदौरा को दिए जाने का टिकट की अन्य दावेदार शिमला नायक ने विरोध किया है। शुक्रवार को उन्होंने पार्टी छोडऩे की घोषणा की थी और शनिवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। शिमला बावरी ने पिछला चुनाव जमींदारा पार्टी की टिकट पर लड़ा था और दूसरे नंबर पर रही थी। अभी कुछ दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।
सूरतगढ़. टिकट वितरण के बाद कांग्रेस पार्टी में उठे विरोध के स्वर यहां भी सुनाई पड़ रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट के दावेदार अमित कड़वासरा के समर्थकों की बैठक शनिवार को उनके मानकसर स्थित आवास पर हुई। इसमें टिकट वितरण को लेकर रोष जताया गया। बैठक में समर्थकों ने अमित कड़वासरा पर निर्दलीय चुनाव लडऩे का दबाव भी बनाया। इसके बाद कड़वासरा के समर्थकों ने मानकसर चौराहे पर टायर जलाकर रोष प्रदर्शन किया। इससे जाम की स्थिति बन गई। कड़वासरा के निर्दलीय चुनाव लडऩे के बारे में फैसला सोमवार को किया जाएगा।
रायसिंहनगर. विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट सोनादेवी बावरी को देने पर पूर्व विधायक दौलतराज और सोहन नायक के समर्थकों का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी शनिवार को दौलतराज के आवास पर पहुंची तो उन्होंने पार्टी निर्णय के खिलाफ कुछ भी करने से इनकार किया। पूर्व विधायक सोहन नायक से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। उन्होंने सोमवार को कार्यकर्ताओं से बैठक के बाद मिलने का आश्वासन सोना देवी को दिया है। टिकट की एक अन्य दावेदार रामदेवी बावरी ने भी चुनाव लडऩे की संभावना को खारिज कर दिया। टिकट के इन तीनों दावेदारों के बयानों के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी के लिए भितरघात का खतरा कम नहीं हुआ है।