मतगणना के पहले चार राउण्ड में कांग्रेस का पलड़ा भारी दिखा तो भाजपा के कई नेता मतगणना स्थल से उठ कर चले गए। अंतिम तीन राउण्ड की मतगणना में हालांकि भाजपा प्रत्याशी को बढ़त मिली।
श्रीगंगानगर। जिला परिषद के जोन 22 के सदस्य के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा है। कांग्रेस की रिंपी लूणा ने भाजपा की सुदेश सहारण को 787 मतों के अंतर से हरा कर यह सीट कांग्रेस की झोली में डाली है। इससे पहले जोन 22 से भाजपा की ममता सहारण चुनी गई थी। उनके इस्तीफा देने से उप चुनाव करवाना पड़ा।
मतगणना संपन्न होने के बाद जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कांग्रेस प्रत्याशी को निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। भाजपा इस जोन से अपनी जीत सुनिश्चित मान रही थी। जिला परिषद का जोन 22 गंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी और सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के विधानसभा क्षेत्र में होने से राजनीतिक विश्लेषक भी भाजपा की जीत के प्रति आश्वस्त थे, लेकिन चुनाव परिणाम ने उनके गणित को बिगाड़ दिया।
मतगणना के पहले चार राउण्ड में कांग्रेस का पलड़ा भारी दिखा तो भाजपा के कई नेता मतगणना स्थल से उठ कर चले गए। अंतिम तीन राउण्ड की मतगणना में हालांकि भाजपा प्रत्याशी को बढ़त मिली, लेकिन कांग्रेस ने पहले चार राउण्ड में जितने वोट हासिल किए थे, उसकी भरपाई अंतिम तीन राउण्ड में भाजपा प्रत्याशी को मिले वोटों से नहीं हो पाई।
भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी रिंपी लूणा के बाहरी होने का प्रचार भी किया था, जो काम नहीं आया। लूणा गांव ढींगावाली राठान की हैं, जो जोन 22 से बाहर है। भाजपा प्रत्याशी सुदेश सहारण गांव लाधूवाला की हैं जो इसी जोन मे पड़ता है। मतदाताओं ने बाहरी के प्रचार को नकारते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया।
सांसद बनने के बाद कुलदीप इंदौरा ने जिला प्रमुख पद से इस्तीफा दिया तो भाजपा ने कांग्रेस के बहुमत को देखते हुए चुनाव में रोड़ा अटकाने के लिए जोन 22 से अपनी सदस्य ममता सहारण से इस्तीफा दिलवा कर जिला प्रमुख पद पर कविता रेगर की ताजपोशी करवा दी। अब उप चुनाव हुए तो भाजपा को अपने प्रत्याशी की जीत की पूरी उम्मीद थी, लेकिन बहुमत नहीं होने पर भी कविता रेगर को जिला प्रमुख बनाने वाली भाजपा का दांव उल्टा पड़ गया।
कांग्रेस प्रत्याशी रिंपी लूणा की जीत के बाद पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ के आवास पर जोरदार स्वागत हुआ। गौड़ ने कहा कि भाजपा के कुशासन से परेशान जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। गौड़ ने जिला प्रमुख का चुनाव जल्द से जल्द करवाने की मांग सरकार से की है।
कांग्रेस की रिम्पी लूणा को 4617 वोट मिले जबकि भाजपा की सुदेश सहारण के पक्ष में 3830 मतदाताओं ने मतदान किया। इस जोन के कुल 28157 मतदाताओं में से 8540 ने मताधिकार का उपयोग किया। नोटा का उपयोग 93 मतदाताओं ने किया।