
रायसिंहनगर/ श्रीगंगानगर। सरकारी खरीद से व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव से परेशान व्यापारियों ने सोमवार को नई धानमंडी की दुकानों की चाबियां प्रशासन को सौंपकर कामकाज ठप्प रखा। इस दौरान व्यापारियों ने बाजार में रोष प्रदर्शन किया तथा सरकारी खरीद में आढत देने की मांग की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से व्यापारिक गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं तथा व्यापारी भारी मंदी का सामना कर रहे हैं।
घर परिवार चलाने हुए मुश्किल
मंदी के दौर में व्यापारियों की आर्थिक हालत इतनी खराब हो गई है कि घर परिवार चलाने मुश्किल हो गए है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील पटावरी ने बताया कि राज्य एवं केन्द्र सरकारों को ज्ञापन देकर बार बार व्यापारियों की समस्याओं से अवगत करवाया जाता रहा लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अशोक गोयल ने बताया कि व्यापारियों की अनदेखी से परेशान व्यापारियों को मजबूरन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने बाजार में रैली निकालकर अपनी मांगों के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
आपको बता दें कि नरमा की सरकारी खरीद में आढ़त बंद करने के मामले में राजस्थान, पंजाब एवं हरियाणा के व्यापारी नेताओं ने एकजुटता दिखाई थी। इस संबंध में दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन की शुक्रवार को यहां हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा था कि सरकार कृषि जिन्सों के आढ़तियों का व्यापार चौपट करना चाहती है, सभी एकजुटता दिखाएंगे तभी कारोबार कायम रह पाएगा।
आढ़तिया एसोसिएशन पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष विजय कालड़ा, हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक गुप्ता, बीकानेर के जगदीश पेड़ीवाल, अबोहर के अध्यक्ष अनिल नागौरी के अलावा श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले की दो दर्जन से अधिक मंडियों के व्यापारी नेता बैठक में मौजूद थे। आपसी राय के बाद 27 एवं 28 अगस्त को दोनों जिलों की धान मंडियों में सांकेतिक हड़ताल रखने एवं सभी जगह अधिकारियों को ज्ञापन देने का तय हुआ।
आयोजक संस्था के अध्यक्ष रमेश खदरिया ने कहा कि नरमा प्रमुख फसल है, अन्य कृषि जिन्सों की तरह इस पर भी आढ़त बंद कर दी गई तो दुकानों पर ताले लगाने की नौबत आ जाएगी। संगरिया के कृष्ण जैन ने मुख्यमंत्री का घेराव करने की सलाह दी। गोलूवाला के सुखदेव सिंह, नोहर के कृष्ण कासनिया ने भी संबोधित किया।
गंगानगर कच्चा आढ़तिया संघ के संरक्षक रामगोपाल पाण्डुसरिया एवं पदमपुर के बहादरचंद नारंग ने कहा कि व्यापारियों को सख्ती दिखानी चाहिए। सूरतगढ़ के ललित सिडाना ने कहा कि सभी धान मंडियों के दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद कर चाबियां अपने व्यापार मंडल को सौंप देनी चाहिए।
यहां के दुलीचंद बोरड़ सहित कई जनों ने खरीद एजेंसी भारतीय कपास निगम को माल नहीं देने का सुझाव दिया। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ जिला व्यापार संघ के अध्यक्ष हनुमान गोयल ने 28 अगस्त को जयपुर में होने वाली प्रांतीय बैठक में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।