श्री गंगानगर

नाकाबंदी तोड़कर भागी कार, पुलिसकर्मियों में हड़कंप

- काफी भाग दौड़ के बाद पठानवाली में पकड़ी गई
2 min read
• •
Updated: 29 Dec 2017, 9:14 PM IST
photo
photo

श्रीगंगानगर.

शहर में जवाहरनगर थाना इलाके में मीरा चौक पर शुक्रवार शाम को मीरा चौकी पुलिसकर्मियों ने शीशों पर काली फिल्म चढाए जा रही काले रंग की एसयूवी कार को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक कार को भगा ले गया।कार चालक ने साधुवाली व रीको नाका तोड़ दिया और पठानवाली की तरफ चला गया। यह सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और पुलिस की जीपें कार के पीछे लग गई। आखिर काफी भाग दौड़ के बाद कार को पुलिस ने पठानवाली के पास घेर लिया। कार में सवार दो युवकों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।

सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित ने बताया कि शुक्रवार शाम को काले रंग की एक एसयूवी कार मीरा चौक से छजगरिया मोहल्ले की तरफ जा रही थी।वहां वाहनों की जांच कर रहे मीरा चौकी पुलिस ने कार के शीशाों पर काली फिल्म चढ़ी होने के कारण उसे रुकने का इशारा किया लेकिन चालक कार को तेजी से भगाकर ले गया।पुलिस ने संदिग्ध कार को लेकर कंट्रोल रूम में सूचना दी। इस पर जिले में नाकेबंदी करवा दी गई और इलाके के पुलिस थानों की पुलिस व अधिकारी काले रंग की कार के पीछे लग गए। इस कार को साधुवाली पर नाका लगाकर रोकने का प्रयास किया। कार वहां से नाकाबंदी तोड़कर भाग निकली और इसके बाद रीको का नाका भी तोड़ दिया। कार चालक ने पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों को चक्कर घिन्नी बना दिया।

चालक कार को लेकर पठानवाली की तरफ चला गया, जहां काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका। कार में मिले 35 पी ब्लॉक निवासी अरविंद्र पुत्र राजेश अरोड़ा व रामसिंहपुरा हाल गली नंबर एक दुर्गा विहार निवासी सौरभ पुत्र राजेन्द्र अरोड़ा को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस युवकों से पूछताछ कर रही है। नाकाबंदी के दौरान सीओ सिटी, जवाहरनगर थाना पुलिस, सदर थाना पुलिस, पुरानी आबादी थाना पुलिस व मीरा चौकी प्रभारी जयकुमार भादू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Published on:
Also Read
View All