शहर के उदाराम चौक स्थित श्री झांकी वाले बालाजी मंदिर के वार्षिकोत्सव में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है।
श्रीगंगानगर.
शहर के उदाराम चौक स्थित श्री झांकी वाले बालाजी मंदिर के वार्षिकोत्सव में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। सर्दी के बावजूद अखंड राम नाम संकीर्तन में रविवार को दिन भर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही, वे झूमते-नाचते रहे। मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर भक्ति की सरिता बहती नजर आ रही है। उदाराम चौक से खेतरपाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालु ही नजर आ रहे हैं। यहां लगी बेरिकेडिंग से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। लोसेथो एवं ग्वेना बिसेउ देशों के प्रधानमंत्री के सलाहकार, वरिष्ठ राजनयिक डॉ. दीपक बोहरा ने शनिवार रात मंदिर में माथा टेका।
उनके साथ बिहाणी शिक्षा न्यास के अध्यक्ष जयदीप बिहाणी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेश बंसल भी थे। संत श्यामशरण देवाचार्य के सान्निध्य में शुरू हुए पांच दिवसीय महोत्सव की पूर्णाहुति मंगलवार शाम होगी। इस मौके पर भजनों का कार्यक्रम भी होगा। कार्यक्रम की शुरुआत धर्म ध्वजा यात्रा के साथ हुई थी। यात्रा में कन्या भू्रण संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
सेवादार जुटे व्यवस्थाओं में
भजन मंडल के प्रधान सुरेंद्र चौधरी, मुख्य सेवादार प्रेम अग्रवाल, हनुमानप्रसाद चनानी, मदनगोपाल अग्रवाल, सुरेंद्र सिंगल पुजारी, नरेश अग्रवाल, यात्रा संयोजक वेदप्रकाश लखोटिया, समन्वयक अशोक मुंजराल, संदीप अनेजा, राजेंद्र छाबड़ा, योगेन्द्र शर्मा, पूर्ण घोड़ेला, नियंत्रण कक्ष प्रभारी केके सोनी, सोहन वर्मा, महावीर घोड़ेला, महेंद्र गोटेवाला, किशन खारीवाल, श्रवण गर्ग आदि सेवादार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। मंदिर एवं उसके आस-पास मकानों एवं बाजार को बिजली की लडिय़ों एवं लाल झंडियों से सजावट की गई है। मंदिर से गोशाला रोड तक और अग्रसेन चौक क्षेत्र को भी सजाया गया है। भजन मंडल ने उत्सव के लिए सेवादारों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
लगाया लंगर
मंदिर के निकट स्थित बालाजी बगीची में कार्यक्रम के दौरान लंगर लगाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। मंडल के सेवादार लंगर की व्यवस्थाएं संभाले हुए हैं।