-राजकीय जिला चिकित्सालय की बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर जिला कलक्टर उखड़े
-आरएमआरएस की मीटिंग में सफाई ठेका बदलने की मांग
श्रीगंगानगर.
जिला कलक्टर और राजस्थान मेडिकयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) अध्यक्ष ज्ञानाराम राजकीय जिला चिकित्सालय की बिगड़ी सफाई व्यवस्था खुद उखड़ गए। उन्होंने पीएमओ व उपनियंत्रक से दो टूक कहा कि सफाई ठेकेदार पर मेहरबानी की वजह तो बताओ। चिकित्सालय कमेटी को ठेकेदार पर जुर्माना लगाना था लेकिन पिछले तीन माह से कुछ नहीं हुआ। चेतावनी के बावजूद ठेका फर्म नहीं मानती है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराओ।
राजकीय जिला चिकित्सालय में रविवार को पीएमओ कक्ष में आयोजित आरएमआरएस की मीटिंग में सदस्य उदयपाल झाझडिय़ा ने यह मुद्दा उठाया तो जिला कलक्टर ने पीएमओ डॉ.सुनीता सरदाना और उपनियंत्रक डॉ.प्रेम बजाज से ठेका फर्म के खिलाफ उठाए गए कदमों का फीडबैक मांग लिया।
ठेकेदार ने हमें नोटिस थमाया
पीएमओ का कहना था कि ठेकेदार ने चिकित्सालय प्रबंधन को भुगतान नहीं करने पर नोटिस भिजवाया है। यह बात सुनकर कलक्टर बोले कि सफाई हो नहीं रही और उलटे ठेकेदार चिकित्सालय प्रशासन को नोटिस दे रहा है। यह तो ठेका फर्म पर अप्रत्यक्ष मेहरबानी का नतीजा है। समिति सदस्यों ने ठेका बदलने की मांग की। इस पर जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक चार तारीख तक ठेकेदार अपने बिल को कमेटी के समक्ष रखेगा। सात तारीख तक कमेटी भुगतान के संबंध में अपनी रिपोर्ट तैयार कर पेश करेगी और दस तारीख को भुगतान कर दिया जाएगा।
तुरंत ठीक करवाएं कूलर-पंखे
चिकित्सालय में कूलर, पंखे और एसी खराब होने का मुद्दा उठा तो पीएमओ का कहना था कि तपोवन ट्रस्ट, जैन आईटीआई, इलेक्ट्रिकल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त रूप से दुरस्त कराने का दावा किया लेकिन सदस्यों का कहना था कि अधिकांश कूलर और पंखे खराब पड़े हैं। नर्सिंग अधीक्षक ने स्वीकार किया कि कई कूलर पंखे खराब हैं। तब जिला कलक्टर ने इसके लिए मीटिंग का इंतजार क्यों। पीएमओ को अपने स्तर पर यह काम करवाना चाहिए।
मीटिंग में ये हुए निर्णय
नेत्र वार्ड की छत बदलने, आरएमआरएस के लेखों की सीए ऑडिट के लिए दो सेवानिवृत अधिकारियों को संविदा के तौर पर रखने, खाली पड़े रिक्त पदों को भरने, सेप्टिक लेबर रूम और एक्लेम्पिसिया रूम में एसी को खरीदने या दुरुस्त करने, ऑपरेशन थिएटर और एसएनसीयू में इस्तेमाल होने वाले लीलन कपड़े खरीदने, चिकित्सालय में एक हजार बैडशीट की खरीद करने, रोगी पंजीयन कम्प्यूटर, चद्दर धुलाई ठेका और साइकिल स्टैण्ड ठेके की प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय किया गया।