15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘पाकिस्तानी हैंडलर ‘शाह’ ने…’, महकदीप ने उगले राज़, श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा!

 Sri Ganganagar Blast Conspiracy: श्रीगंगानगर के 50 जीबी रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस का बड़ा खुलासा! पाकिस्तानी हैंडलर 'शाह' ने युवती को प्यार के जाल में फंसाकर रची थी साजिश। राजस्थान एटीएस ने पंजाब से दो आरोपियों को दबोचा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 15 Nov 2026, 3:36 PM IST

Pakistani Handler Shah Honey Trapped Woman In Sriganganagar 50 GB Railway Track Blast Rajasthan ATS Arrests Two

गिरफ्त में आई महकदीप कौर

राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को हुए रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार से रची गई एक खतरनाक आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब के गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपियों- महकदीप कौर और देवेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जयपुर और श्रीगंगानगर पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी में एडीजी एटीएस दिनेश एमएन ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर 'शाह' ने युवती को 'हनी ट्रैप' में फंसाकर भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के लिए तैयार किया था।

प्रेम जाल, 2.23 लाख की फंडिंग और विदेशी हथियार: एटीएस के बड़े खुलासे

एडीजी एटीएस दिनेश एमएन, बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर की संयुक्त प्रेस वार्ता में जांच से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे गए। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड पाकिस्तान से ऑपरेट कर रहा हैंडलर 'शाह' है। उसने महकदीप कौर के साथ रोमांटिक और भावनात्मक संबंध बनाकर उसे अपने जाल में फंसाया और इसके बाद उसे रेलवे ट्रैक पर धमाका करने का टारगेट सौंपा।

इस आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को कुल 2.23 लाख रुपये की फंडिंग की गई थी। इसमें से 1 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी।पुलिस और एटीएस की टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और 30,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

दो बार नाकाम होने के बाद 3 नवंबर को किया था धमाका

जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले एक महीने से इस साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे।

पहली कोशिश (6 अक्टूबर): आरोपी विस्फोटक लगाने के इरादे से रामसिंहपुर पहुंचे थे, लेकिन समय पर विस्फोटक सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण योजना टल गई।

दूसरी कोशिश (12-13 अक्टूबर): आरोपियों ने दोबारा ब्लास्ट करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते यह कोशिश भी नाकाम रही।

3 नवंबर का धमाका: आखिरकार 3 नवंबर को आरोपियों ने 50 जीबी (50 GB) के पास रेलवे ट्रैक को निशाना बनाते हुए विस्फोट कर दिया।

5 लाख कॉल रिकॉर्ड और 400 लोगों से पूछताछ के बाद खुला राज

इस संवेदनशील मामले की तह तक जाने के लिए जांच एजेंसियों ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर व्यापक अभियान चलाया। टीमों ने लगभग 5 लाख कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया और 400 से अधिक संदिग्धों व स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ की, जिसके बाद पूरे नेटवर्क की कड़ियां जुड़ सकीं।

फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, ताकि इनके अन्य सहयोगियों, स्थानीय मददगारों और पाकिस्तान स्थित हैंडलर से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।