
श्रीगंगानगर.
सफाई कर्मचारी भर्ती के संबंध में अखिल भारतीय धानका आदिवासी समाज ने कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। संगठन के जिलाध्यक्ष पूर्णचंद मौर्य और मुकेश भंडारी ने बताया कि नगर परिषद ने पूर्व में 462 सफाई कर्मियों की भर्ती निकाली थी। इसके प्रथम चरण में अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के 328 अभ्यर्थियों की भर्ती की गई। शेष रहे 144 पद अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए छोड़े गए। अब द्वितीय चरण के 144 पदों पर भर्ती होनी है।
भर्ती के प्रथम चरण में अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। उन्हें इस आधार पर रोका गया था कि इन अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण में नियुक्ति दी जाएगी। ऐसे में अब द्वितीय चरण में पूर्व में आवेदन करने वाले अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिलनी चाहिए। संगठन ने धानका जाति को अनुसूचित जनजाति के प्रमाणपत्र जारी करने की भी मंाग की है। ज्ञापन में धानका जाति के ऐसे व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति का प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की गई है जिनके पिता का जाति प्रमाणपत्र अनुसूचित जनजाति वर्ग का बना है।
दो यूनियनों ने सौंपे ज्ञापन
दो मजदूर यूनियनों ने सभापति और आयुक्त को ज्ञापन दिए। इन यूनियनों का कहना है कि सफाई कर्मियों की भर्ती लॉटरी के स्थान पर सर्वे करवाकर की जाए, वहीं नगर परिषद में कार्य कर रहे सफाई कर्मियों को वापस मूल पद पर भेजा जाए। अखिल भारतीय सफाई मजूदर कांगे्रस और अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की ओर से दिए ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2010 व 2013 में कुछ लोग सफाई कर्मियों के रूप में चयनित हुए। इन लोगों ने सफाई का कार्य नहीं किया और सिफारिशों के बल पर नगर परिषद में ही विभिन्न पदों पर बैठ गए। ऐसे चयनित सफाई कर्मियों को मूल पद पर काम के लिए भेजा जाए। इन दोनों संगठनों के नेताओं ने आयुक्त और सभापति से कहा कि सफाई कर्मियों की भर्ती लॉटरी प्रक्रिया के जरिए न करके सर्वे के जरिए करने की मांग की है।