
- यह कैसा स्वच्छता सर्वेक्षण ?
श्रीगंगानगर।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे का समय, मीरा चौक से मीरा मार्ग और सुखाडिय़ा मार्ग किनारे मुख्य नाला गंदे पानी से इतने ओवरफ्लो हो रहे थे कि नाले का पानी सड़कों पर पसरा रहा।आधी सड़क पर इतना गंदा पानी था कि वहां से राहगीरों का गुजरना भी मुश्किल हो रहा था। वहीं, नगर परिषद के मुख्य गेट पर स्वच्छता सर्वेक्षण के बड़े-बड़े होर्डिंग्स और कट आउट से ही स्वच्छता जागरुकता की औपचारिकता की जा रही है। गंदे पानी की निकासी के लिए नगर परिषद प्रशासन ने अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
मीरा चौक के पास भाजपा जिला मुख्य कार्यालय स्थापित है, लेकिन इस कार्यालय के बाहर भी इतना गंदा पानी पसरा रहता है कि वहां भाजपाई खुद जाने से कतराने लगे हैं, लेकिन कई भाजपाई स्वच्छ भारत मिशन के लोगो के होर्डिंग्स लगाकर वाहवाही लूटने में लगे हैं।
यही हाल जवाहरनगर इंदिरा वाटिका के आसपास देखने को मिला। अगले अड़तालीस घंटे बाद केन्द्र सरकार के आदेश पर स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत यहां शहर का स्वच्छता सर्वेक्षण होना है, ऐसे में पानी निकासी जी का जंजाल बन गया है।
यूआईटी क्षेत्र भी बदहाल
इधर, नगर विकास न्यास के क्षेत्र में मुख्य नालों की डिसिल्टिंग भी पिछले एक साल से नहीं हो पाई है, इस कारण शिव चौक से राजकीय जिला चिकित्सालय तक मुख्य नालों में गंदगी इस कदर पसरी पड़ी है कि मामूली प्रेशर होने पर गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है।