श्री गंगानगर

राजस्थान की सरहद से फिर टोह लेने घुसे PAK ड्रोन, सुरक्षा बलों ने की फायरिंग

श्रीगंगानगर स्थित सरहद पर एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सीमा के अंदर की टोह लेते देखा गया है। सैन्य सूत्रों ने इस बात की पुष्टि भी की है।
2 min read
Dron from Pakistan seen India-PAK border in Rajasthan

श्रीगंगानगर।

राजस्थान से सटे भारत-पाक सीमा के मार्फ़त पाकिस्तान की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। श्रीगंगानगर स्थित सरहद पर एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सीमा के अंदर की टोह लेते देखा गया है। सैन्य सूत्रों ने इस बात की पुष्टि भी की है।


जानकारी के अनुसार ताज़ा घटनाक्रम मंगलवार सुबह तब हुआ जब हिन्दुमलकोट क्षेत्र के गांव फतूही और रोहीडावाली गांव में स्थानीय लोगों ने पाकिस्तानी ड्रोन को देखा। इसकी सूचना मिलने पर भारतीय सुरक्षा बलों ने ड्रोन को मार गिराने के लिए फायरिंग भी की, लेकिन ड्रोन वापस पाकिस्तान की ओर चला गया। गौरतलब है कि अब तक बीते पांच दिनों में तीन पाकिस्तानी ड्रोन ढेर किये जा चुके हैं।


रविवार को भी हुई थी नापाक हरकत
सैन्य गतिविधियों की टोह लेने के लिए पाकिस्तानी ड्रोन बीते रविवार को भी भारतीय सीमा में घुस आए थे। रक्षा सूत्रों ने बताया था कि शाम सवा सात बजे के आसपास राडार प्रणाली ने सीमावर्ती गांव कोठा और हिन्दुमलकोट के आसपास पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि देखी। इसके बाद सेना ने निशाना साधकर फायरिंग की तो ड्रोन दिखाई देना बंद हो गया। लगभग पंद्रह-बीस मिनट बाद सीमा क्षेत्र में पाकिस्तान के दो ड्रोन मंडराते हुए नजर आए तो सेना ने पुन: फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि ड्रोन को मार गिराए जाने अथवा उनके पाकिस्तान सीमा में जाने के बारे में रक्षा सूत्रों ने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया।


... इधर बमनुमा वस्तु को किया डिस्पोज़ ऑफ़
वहीं श्रीगंगानगर के निकटवर्ती गांव 3 बी में रविवार रात एक घर की छत तोडकऱ बमनुमा वस्तु गिरा था जिसके बाद हड़कंप की स्थिति बन गई थी।

जानकारी मिलने के बाद सैन्य अधिकारियों ने पहुंचकर इस बमनुमा वस्तु को घर से उठाकर गांव के बाहर खेत किनारे सुरक्षित रखवाया था। जहां पूरी रात पुलिसकर्मी तैनात रहे। फिर सोमवार दोपहर को मौके पर पहुंचे सैन्यकर्मियों ने करंट लगाकर खेत में बमनुमा वस्तु को डिस्पोजल किया। इस दौरान वहां तेज धमाका हुआ और मिट्टी कई फुट ऊंचाई तक आसमान में उड़ गर्ई।


इससे पहले भी रक्षा सूत्रों ने सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन की आवाजाही की पुष्टि की है। सूत्रों ने बताया कि सेना का ऑपरेशन अभी जारी है।

Published on:
12 Mar 2019 09:07 am