नगर परिषद अब जहां पर वेंडिग जोन घोषित किया है वहां पर मूलभूत सुविधाएं विकसित कर पथ-विक्रेताओं को जगह आवंटित करने की कार्रवाई करेगी
श्रीगंगानगर.
आखिर लंबे इंतजार के बाद शहर में आठ जगह वेंडिग जोन घोषित करने का निर्णय कर ही लिया है। इससे अब करीब 550 पथ-विक्रेताओं को वहां पर स्थान मिल सकता है। नगर परिषद अब जहां पर वेंडिग जोन घोषित किया है वहां पर मूलभूत सुविधाएं विकसित कर पथ-विक्रेताओं को जगह आवंटित करने की कार्रवाई करेगी। बुधवार को नगर परिषद आयुक्त कार्यालय में टाउन वेंडिग कमेटी की नगर परिषद आयुक्त सुनीता चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसका निर्णय किया गया। हालांकि स्ट्रीट वेंडर्स टीवीसी ने श्रीगंगानगर शहर में तीस वेंडिग जोन तलाशे थे। इन पर विस्तृच चर्चा कर आठ वेंडिग जोन पर सहमति हुई है।
वर्तमान में चिन्हित 18 नए वेंडिग जोन के स्थानों का भौतिक सत्यापन करना तय किया गया है। आचार्य तुलसी मार्ग पर रामलीला मैदान के बाहर वेंडिग जोन घोषित करने,गर्ग अस्पताल एवं भारत लेबोरेटरी से चिपटे हुए स्थान मीरा मार्ग पर वेंडिग जोन घोषित करने आदि का भौतिक सत्यापन करने का निर्णय किया गया है। नगर परिषद ने एक साल पहले स्ट्रीट वेंडरों का रजिस्ट्रेशन कर 1820 फुटकर व्यापारियों को चिन्हित किया था और अभी तक 400 से 500 के बीच लोग सर्वे से वंचित रह गए हैं।
एक-एक बिंदु पर की विस्तृत चर्चा की
नगर परिषद आयुक्त चौधरी का कहना है कि कुछ स्थान ऐसे भी थे जो दूसरे विभाग केंद्र सरकार,राज्य सरकार पथ निर्माण विभाग के अधीन आते हैं। इन स्थानों को वेंडिग जोन से मुक्त रखा गया है। इस बैठक में नगर परिषद आयुक्त चौधरी, कोतवाली थानाधिकारी का प्रतिनिधि एसआई संदीप कुमार, संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता,स्ट्रीट वेंडर्स कमेटी सदस्य राकेश अरोड़ा, राकेश सोनी,नगर परिषद सदस्य किशन चौहान ने एक-एक बिंदु पर विस्तृत चर्चा की गई।
इनको घोषित किया वेंडिंग जोन
सुखाडिय़ा नगर कंगल पैलेस के सामने सीमा शुल्क भवन के सामने।
-चहल चौक सरस्वती नगर की साइड,शिव मिष्ठान भंडार से लेकर ट्रांसफार्मर तक ।
-इंदिरा वाटिका जवाहर नगरमेन गेट के बाहर फुटपाथ पर।
-फल-सब्जी मंडी, कृषि उपज मंडी समिति के बाहर सडक़ पर एक तरफा।
-भगत सिंह चौक से लेकर 20 मीटर दूर तक जल संसाधन विभाग के क्वाटरों के बाहर।
-केंद्रीय बस स्टैंड के पीछे मुखर्जी नगर की तरफ सडक़ पर पेट्रोल पंप के पीछे वाली गली में।
-आदर्श नगर पार्क से बाहर राधेश्याम कोठी रोड पर। -सुखवंत पैलेस नंद वाटिका पार्क के बाहर