श्री गंगानगर

चार साल के बेटे और छ: साल की बेटी के साथ रेलवे ट्रैक पर कूदा पिता, दर्दनाक मौत

दो बच्चों सहित व्यक्ति ट्रेन के नीचे आकर की आत्महत्या सिटी पुलिस ने दर्ज की मर्ग
2 min read
father committed suicide with his two children in Sri Ganganagar
father committed suicide with his two children in Sri Ganganagar

सूरतगढ़/ श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में सूरतगढ़ सिटी थाना क्षेत्र रामपुरा रंगमहल के पास सोमवार रात्रि को एक व्यक्ति ने दो बच्चों सहित रेलगाड़ी के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। सिटी पुलिस ने मंगलवार को राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की है। पुलिस के अनुसार रामपुरा रंगमहल (पीलीबंगा) निवासी सुरेश मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि उसका बड़ा भाई रुघवीर खेती का काम करता था। सोमवार रात्रि करीब आठ बजे वह चार वर्षीय पुत्र प्रवीण व छह वर्षीय पुत्री पायल के साथ रामपुरा रंगमहल रेलवे स्टेशन से सूरतगढ़ की तरफ रेलवे ट्रेक कालका एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शवों को राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया।

उधर, घड़साना में समीप के चक 10 एमडी में सोमवार को दो बालकों की डिग्गी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बालक चचेरे भाई थे। खेतीहर मजदूरी करने वाले परिवार के सदस्य बीती रात को जैसलमेर के मोहनगढ़ से वोट देने के लिए अपने गांव आए थे। वोट देने के बाद चक के एक किसान के खेत में मजदूरी करने चले गए। तभी यह हादसा हो गया।

सूचना मिलने पर थानाधिकारी कुलदीप वालिया, हेड कांस्टेबल लीलाराम व अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। इससे पहले दोनों बच्चों को 108 सेवा एम्बुलेंस से राजकीय चिकित्सालय में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल लीलाराम ने बताया कि चक 10 एमडी के मलकीत सिंह व उसका भाई गुरदीप सिंह रायसिख खेतीहर मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। लोकसभा चुनाव में मतदान करने के लिए परिवार सहित रविवार रात को घर पहुंचे थे। खेतीहर मजदूर भाई मलकीत सिंह व गुरदीप सिंह गांव के किसान कृष्णलाल स्वामी के खेत में मजदूरी करने के लिए गए थे। साथ में दोनों भाईयों के बच्चे भी खेत में आ गए। इस दौरान मनदीप सिंह (8) पुत्र मलकीत सिंह व अमनदीप सिंह (9) पुत्र गुरदीप सिंह खेत में बनी डिग्गी के पास पानी पीने चले गए। दोनों बालक पानी पीने के दौरान डिग्गी में गिर गए। करीब आधा घंटे बाद परिवारजनों ने बच्चों की सारसंभाल ली तो बच्चे गायब मिले। दोनो बच्चों के डिग्गी में गिरने का आशंका होने पर दोनों भाईयों ने डिग्गी में उतर कर तलाश की। इस दौरान दोनों बच्चे डिग्गी में मिल गए, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।

Published on:
07 May 2019 01:41 pm