
श्रीगंगानगर.
पारदी गैंग की ओर से की गई तीन चोरी की बड़ी वारदातों को खोलने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन थानों की पुलिस तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई की जा रही है। तीनों थानों की टीमें अपने-अपने स्तर से अलग-अलग स्थानों पर जा रही है। इसके बाद भी अभी तक गैंग का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस यह जानकारी भी नहीं जुटाई पाई है कि यह गैंग कहां से आ रहा है और वारदात के बाद कहां छुप जाता है। पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों 12 मई की रात को इस गैंग ने रेंज में पहली वारदात बीकानेर के नोखा में की थी।
इसके बाद 13 मई की रात ही यह गैंग श्रीगंगानगर पहुंच गई और सदर थाना इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अभी पुलिस गैंग का पता लगा पाती, इससे पहले ही गैंग ने पदमपुर के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष के मकान को निशाना बना दिया और यहां से लाखों की नकदी और जेवर चोरी कर फरार हो गए। यहां दो बाइकें भी चोरी हुई। लगातार तीन वारदात होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने वारदातों के तौर-तरीके का मिलान किया तो पता चला कि तीनों ही वारदात एक तरह से हुई है।
इसके बाद इस गैंग को चिह्नित किया गया। इसको लेकर पुलिस ने रेलवे स्टेशन व आसपास के इलाके में दबिश की कार्रवाई कर संदिग्धों से भी पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। अब इस गैंग की तलाश में तीन थानों की पुलिस लगी हुई है। पुलिस अधिकारी आपसी तालमेल बैठाकर सूचनाएं जुटाने में लगे हुए हैं। अलग-अलग टीमें गैंग की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई कर रही है।
तीनों थानों की पुलिस तालमेल के साथ गैंग की तलाश कर रही है। इसके लिए संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई
चल रही है।
-सुभाष कुमार, जांच अधिकारी थाना सदर।