श्री गंगानगर

नौकरी सरकारी, काम चोरी का, सेना क्षेत्र में चोरी करने के बाद भी नौकरी से निकाला नहीं

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2018, 7:14 PM IST
demo pic
demo pic


श्रीगंगानगर.

स्मैक जैसे महंगे नशे की लत के लिए सेना क्षेत्र से कई साइकिलें चुराने के बाद भी उसके खिलाफ न तो कोई मुकदमा दर्ज हुआ और न ही कोई दण्ड मिला। नशे के लिए चोर बनने के बावजूद वह सेना के आयुध डिपो जैसे संवेदनशील स्थान पर नौकरी करता रहा। सेना के कठोर अनुशासन को धत्ता बताते हुए उसने नशे के लिए श्रीगंगानगर शहर में साइकिलों पर हाथ साफ करना शुरू किया तो पुलिस के धक्के चढ़ गया।


पूछताछ हुई तो उसने एक के बाद एक दो दर्जन साइकिल चुराना स्वीकार कर लिया। मामला चूंकि सेना के आयुध डिपो में नौकरी करने वाले से जुड़ा है, इसलिए पुलिस उसे रिमांड पर लेकर गहराई से पूछताछ कर रही है। लालगढ़ जाटान मिलेट्री स्टेशन के आयुध डिपो में बतौर स्थाई श्रमिक नौकरी कर रहे पवन कुमार राजपूत को जवाहरनगर थानांतर्गत मीरा चौकी के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक जयकुमार भादू ने दो दिन पहले अंध विद्यालय के पास चोरी की साइकिल के साथ पकड़ा था। यह साइकिल उसने चहल के चौक के पास कुम्हार धर्मशाला के आगे से चुराई थी। आरंभिक पूछताछ में उसने सेना के आयुध डिपो में नौकरी करना बताया तो पुलिस अधिकारी चौंक गए। सहायक उप निरीक्षक भादू ने बताया कि आयुध डिपो जैसी संवेदनशील जगह पर नौकरी करने वाले को स्मैक जैसे घातक नशे की लत हो और इसे पूरा करने के लिए वह चोरी कर रहा है तो मामला अपने आप गंभीर हो जाता है।


कोई सजा नहीं मिली
पुलिस की पूछताछ में पवन कुमार ने लालगढ़ मिलेट्री स्टेशन क्षेत्र से भी तीन-चार साइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी पकड़े जाने पर सेना के एक अधिकारी ने चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया। उसके खिलाफ कोई मुकदमा भी दर्ज नहीं करवाया। कुछ दिन पहले रीको चौकी पुलिस ने भी उसे पकड़ा था, परन्तु मुकदमा दर्ज किए बिना छोड़ दिया। चोरी के आरोप में पकड़ा गया यह शख्स लालगढ़ जाटान में अपने किसी रिश्तेदार के घर रहता है। उसकी पत्नी सरकारी शिक्षिका है और उससे अलग कहीं रहती है। इसके कब्जे से पुलिस ने चोरी की जो साइकिलें बरामद की है, वह सभी बच्चों की है और काफी महंगी हैं।


सूचना बेचने का संदेह
स्मैक के लिए आयुध डिपो का कोई कर्मचारी चोरी कर रहा है तो किसी राष्ट्रविरोधी तत्व को वह आयुध डिपो से संबंधित गोपनीय सूचना भी नशे की लत पूरा करने के लिए बेच सकता है। यह संदेह होने पर पुलिस ने पवन कुमार राजपूत से कड़ाई से पूछताछ की। सहायक उप निरीक्षक भादू ने बताया कि अब तक की पूछताछ में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई। अलबत्ता पूछताछ के दौरान उसने यह जानकारी अवश्य दी कि स्मैक के नशे की लत उसे आयुध डिपो में काम करने वाले एक श्रमिक ने ही लगाई। वह अभी भी आयुध डिपो में ही काम करता है। पुलिस को उसने बताया कि डिपो में काम करने वाले 350 श्रमिकों में से 30-35 श्रमिक ऐसे हैं जो पोस्त सहित अन्य नशों के आदी हैं।

आरोपी को किया अदालत में पेश
श्रीगंगानगर. जवाहरनगर थाना पुलिस ने शहर व लालगढ़ जाटान इलाके में बच्चों की साइकिल चोरी करने वाले नशेड़ी आयुध डिपोकर्मी को एक दिन के रिमांड के बाद मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसकी जमानत हो गई। एएसआई जय कुमार भादू ने बताया कि शेखपुर पटौदी गुडगांव हरियाणा हाल लालगढ़ जाटान निवासी पवन सिंह पुत्र कर्णसिंह राजपूत को बच्चों की साइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।

Published on:
Also Read
View All
श्रीगंगानगर हाफ मैराथन में बड़ा एक्शन: डॉपिंग में दोषी मिलने पर विजेता संजना सिंह का मेडल छीना, बदली विनर्स की सूची

भारत-पाक बॉर्डर से आई बड़ी खबर, पाकिस्तानी ड्रोन से गिराए हेरोइन के पैकेट, 2 KM अंदर खेत में मिले

Rajasthan : गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के पिता हथियार सप्लाई मामले में गिरफ्तार, स्पेशल टीम खंगाल रही नेटवर्क

मरुभूमि में सतलुज का पानी लाना नहीं था आसान, महाराजा गंगासिंह का वह कदम जिसने बदल दी पश्चिमी राजस्थान की तस्वीर

Sri Ganganagar: सेंट्रल जेल में बंद बेटे से मिलने जेल पहुंचा पिता, जूतों में छिपाकर लाया टैबलेट और सफेद पाउडर; ऐसे हुआ खुलासा