श्री गंगानगर

हिन्दू-सिख धर्म का संगम: एक ही मंडप में सजे आठ जोड़े

- श्री गुरुनानक कृष्ण मंदिर में सामूहिक विवाह, वैदिक रीति और आनंद कारज से बंधे पवित्र बंधन में, शहर के मौजिज लोग बने साक्षी

2 min read


श्रीगंगानगर. शहर के एच ब्लॉक डिग्गी के समीप स्थित श्री गुरुनानक कृष्ण मंदिर परिसर में रविवार को सामाजिक सौहार्द और सेवा भावना का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। मंदिर समिति की ओर से आठ जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम से संपन्न कराया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने पहुंचे। मंदिर के सामने लगाए गए शामियाने में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की रस्में संपन्न हुईं। इनमें सात कन्याओं का विवाह हिंदू वैदिक परंपरा के अनुसार मंत्रोच्चार के बीच सात फेरों के साथ सम्पन्न कराया गया, जबकि एक जोड़े का विवाह सिख परंपरा के अनुसार आनंद कारज के रूप में सम्पन्न हुआ। इस दौरान पूरा वातावरण धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल से सराबोर रहा। जैसे ही फेरे हुए तब भगवान इन्द्र देव ने भी अपना आशीर्वाद दिया, बरसात के बीच नव जोड़ों को विदाई की रस्म अदायगी की गई। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद बारातियों और घरातियों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सेवा भावना और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।







सुबह से शुरू हुआ बारातों का आगमन








श्री गुरुनानक कृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष मनजीत सिंह मंड ने बताया कि रविवार सुबह लगभग दस बजे से बारातों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। बारातियों का मंदिर परिसर में पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। विवाह से पूर्व दूल्हा-दुल्हन ने मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े बारह बजे विवाह की रस्में शुरू हुईं। इस दौरान समिति की ओर से घरातियों व बारातियों के लिए जलपान व चाय की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर जत्थेदार बाबा राज सिंह खालसा ने अपने पूरे जत्थे सहित बारातियों व घरातियों में नाश्ते में टिक्की, पकौड़े व चाय का लंगर बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। इस बीच मन्दिर के मुख्य पुजारी पंडित राधेश्याम शर्मा एवं पंडित गोपाल शर्मा ने सात जोड़ों के सनातन धर्म विधि अनुसार मंत्रोच्चारण के साथ फेरे संपन्न करवाए, वहीं एक जोड़े का पदमपुर रोड स्थित धन धन बाबा दीप सिंह जी शहीद में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हुजूरी में आनंद कारज करवाया गया। समिति के महासचिव मुनीश कुमार लढ्ढा ने सभी नव जोड़ों को नशामुक्ति व कन्या भ्रूण हत्या नहीं करने का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर वर-वधू के परिजनों सहित शहरभर के कई गणमान्य नागरिकों ने विशेष तौर पर कार्यक्रम में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया





नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भेंट



मंदिर समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान उपहार स्वरूप भेंट किया गया। प्रत्येक जोड़े को डबल बैड, मेज-कुर्सी, बर्तन, गर्म और ठंडे बिस्तर, दूल्हा-दुल्हन के कपड़े और क्रॉकरी सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं। इसके अलावा कई समाजसेवियों और दानदाताओं ने भी आगे बढ़कर फर्नीचर और घरेलू सामान दान में दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में महिला विंग अध्यक्ष वीना चौहान की अगुवाई में सेवादारों की अहम भूमिका रही। महिलाओं ने मेहंदी, साज-सज्जा और अन्य रस्मों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम में पारिवारिक और आत्मीय माहौल बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में शहर के कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा। सामूहिक विवाह के लिए समाजसेवियों ने वर-वधू के कपड़ों से लेकर गृहस्थी के सामान तक में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।



Published on:
15 Mar 2026 11:32 pm
Also Read
View All

अगली खबर