श्री गंगानगर

बाजार में सरेराह दिनदहाड़े गुंडागर्दी, दुकानदार व कार चालक ने भागकर बचाई जान

श्रीकरणपुर कस्बे में शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पांच युवकों ने रेलवे रोड पर स्थित डीजे की दुकान पर हमला बोला। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से दुकान के बाहर खड़ी कार पर ताबडतोड़ वार कर इसके शीशे चकनाचूर कर दिए। इस दौरान इसमें बैठे कार चालक व दुकानदार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

2 min read
श्रीकरणपुर. घटनाक्रम के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े युवक।

श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर). कस्बे में शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पांच युवकों ने रेलवे रोड पर स्थित डीजे की दुकान पर हमला बोला। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से दुकान के बाहर खड़ी कार पर ताबडतोड़ वार कर इसके शीशे चकनाचूर कर दिए। इस दौरान इसमें बैठे कार चालक व दुकानदार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। करीब करीब दस मिनट तक चले घटनाक्रम के बाद युवक वहां से भाग गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें पकडऩे के प्रयास शुरू किए गए और रात करीब आठ बजे पांचों युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जानकारी अनुसार रेलवे रोड पर स्थित स्टार लाइव डीजे दुकान का संचालक सोनू शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दुकान के बाहर सडक पर खड़ी कार में हरमीत सिंह निवासी 49 एफ के साथ कार्यक्रम बुक करने के लिए बात कर रहा था। इस दौरान अचानक आए पांच युवकों ने लाठी-डंडे, गंडासी व कापे आदि से कार पर ताबड़तोड़ वार किए। कार के पीछे का शीशा टूटकर सडक पर जा गिरा। वहीं, आगे का शीशा भी चकनाचूर हो गया। इस दौरान कार चालक हरमीत सिंह व दुकानदार सोनू कार से भाग निकले। सोनू अपनी दुकान के भीतर बने एक अन्य कमरे में घुसा और वहां लगा लोहे का दरवाजा बंद कर लिया। वहीं, कार चालक भी घटनाक्रम से घबराकर सामने की दुकान में घुस गया। हमलावरों ने दुकान संचालक को कमरे से बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा खोलने में विफल रहे। जाते-जाते उन्होंने दुकान के काउंटर के पास लगा शीशा तोडऩे के साथ वहां अन्य सामान भी बिखेर दिया।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन की ओर दौड़े आरोपी

घटनाक्रम होने पर रेलवे रोड सहित बाजार में हडकंप मच गया। दुकान के बाहर सैंकड़ों लोग जमा हो गए। लोगों ने दिनदहाड़े कस्बे में इस तरह की घटना होने पर आश्चर्य जताया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमले के बाद पांचों युवक रेलवे स्टेशन की ओर भाग गए। उधर, घटनाक्रम की सूचना मिलने पर एएसआइ सुभाषचंद्र मीणा व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर जाप्ते सहित रवाना हो गए।

आखिर पुलिस ने काबू किए पांच युवक

घटनाक्रम के बाद पुलिस ने भागदौड़ कर आखिर रात करीब आठ बजे गांव 15-16 ओ के निकट खेतों में भाग रहे पांच युवकों को काबू कर लिया। आरोपियों को पकडऩे में कार चालक हरमीत सिंह के भी सहयोग की बात सामने आई। सीआइ सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि मौके से पुलिस ने रवि कुमार (24) पुत्र पृथ्वीराज नायक निवासी सूरतगढ़, जगदीश (27) अर्जुन ङ्क्षसह मजहबी सिख निवासी आठ जैड श्रीगंगानगर, गोपाल (19) पुत्र रामरतन नायक निवासी आठ जैड, करण उर्फ सुभाष (18) पुत्र रामरतन नायक निवासी आठ जैड व सुधीर (18) पुत्र बाबू लाल नायक निवासी 3 एमएल श्रीगंगानगर को पकड़ लिया। सीआइ ने बताया कि आरोपियों को फिलहाल शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।

भाई की शादी के लिए डीजे बुक करने आया था कार चालक

घटनाक्रम के दौरान बाल-बाल बचे हरमीत सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह निवासी 49 एफ ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई और साले की शादी के लिए डीजे बुक करने के लिए वहां आया ही था कि यह घटनाक्रम हो गया। इस संबंध में रात करीब 10 बजे उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को परिवाद दिया। मौके पर हरमीत के परिजन व अन्य लोगों ने घटनाक्रम में हरमीत के बाल-बाल बचने पर भगवान का शुक्र जताया।

Updated on:
15 Sept 2024 12:47 am
Published on:
15 Sept 2024 12:46 am
Also Read
View All

अगली खबर