
घड़साना (श्रीगंगानगर)। अवैध संबंधों के शक में एक युवक ने पत्नी तथा उसके प्रेमी की रविवार देर रात निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक ने पुलिस को सूचना भी दे दी। पुलिस ने महिला व उसके प्रेमी के शव जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया है। मृतक मौसेरे भाई-बहन थे।
थानाधिकारी मोहम्मद अनवर के अनुसार घड़साना के पास चक चार एमडी निवासी गुरतेज सिंह उर्फ तेज पुत्र गगी सिंह मजहबी सिख ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी गगनदीप कौर (26) से उसके सगे मौसेरे भाई पदमपुर क्षेत्र के गांव तामकोट निवासी सर्वजीतसिंह पुत्र सोहनसिंह मजहबी के अवैध संबंध थे।
रविवार को गगनदीप व सर्वजीत पदमपुर गए हुए थे। इस बात से गुरतेज कई दिन से परेशान था। उसने गगनदीप व सर्वजीत को ठिकाने लगाने की साजिश रची। रविवार शाम को दोनों रोडवेज बस से रवाना हुए।
गुरतेज भी उसी बस में सवार हो गया। रविवार रात करीब एक बजे सर्वजीत व गगन घड़साना में उतरे और सतराना की तरफ पैदल चल पड़े। गुरतेज पीछे चल पड़ा और कुछ दूर चलने पर उसने सर्वजीत को गिरा दिया। वहीं, सड़क से पत्थर उठाकर वार किए, जिससे सर्वजीत की मौत हो गई।
इसके बाद उसने गगनदीप को विश्वास में लिया कि वह उसके साथ कुछ नहीं करेगा। करीब दो किमी पैदल चलने के बाद गुरतेज ने गगनदीप की गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों को मारने के बाद उसने पुलिस को फोन पर वारदात की सूचना दी।
पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लिए और गुरतेज को हिरासत में लिया। गगन के पिता साधुसिंह ने गुरतेज के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिए।