
श्रीगंगानगर.
प्रदेश में अन्न का कटोरा कहे जाने वाले श्रीगंगानगर जिले में अब एचआईवी पॉजिटिव यानि एड्स (एक्वायर्ड इम्यूनो डिफिशिएंसी सिंड्रोम) रोग की अधिकता ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में खलबली मचा दी है। अन्य जिलों के बजाय रोगियों की संख्या भले ही कम हो, लेकिन राज्य स्तर पर हमारे जिले को रेड जोन की श्रेणी में डाल दिया है। पिछले एक दशक से पंजीकृत रोगियों की संख्या 11000 पार हो चुकी है।
अकेले श्रीगंगानगर ब्लॉक में एड्स रोगियों का आंकड़ा पांच सौ तक पहुंच चुका है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार गत 13 महीने में जिले में 142 नए रोगी सामने आए हैं। चिकित्सकों की मानें तो असुरक्षित शारीरिक संबंध बनाने से इस रोग के फैलने की रफ्तार अधिक होने से राज्य सरकार ने ऐसे इलाकों को रेड जोन (खतरनाक क्षेत्र) घोषित कर दिया है। अजमेर , जयपुर जैसे जिलों में रोगियों की संख्या अधिक है, लेकिन वहां स्थिति नियंत्रित होने के कारण ऐसे जिलों को बी श्रेणी में रखा गया है। इसके विपरीत जिन इलाकों में रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है या असुरक्षित यौन संबंध बनाने का खतरा अधिक रहता है वह इलाका रेड जोन के दायरे में आता है।
एड्स के इलाज की जगी उम्मीद
एचआइवी का इलाज दुनियाभर के वैज्ञानिकों के लिए चुनौती का विषय बना हुआ है। अब तक इसका कोई इलाज नहीं है, लेकिन साक इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिरकों की खोज से इस रोग के इलाज की उम्मीद जगी है। उन्होंने एचआईवी के रिप्लीकेशन में भूमिका निभाने वाले में प्रोटीन की पहचान की है। इस प्रोटीन का 'नामएसएसयू-72' रखा गया है। वैज्ञानिक इस प्रोटीन को कंट्रोल करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो एचआईवी का इलाज संभव हो जाएगा।
अपनाएं सकारात्मक नजरिया
एड्स के बारे में लोगों में कई तरह की भ्रांतियां हैं, जिस कारण समाज का एक बड़ा हिस्सा एड्स पीडि़तों से कटने लगता है। लोगों में डर बैठ जाता है कि कहीं उन्हें भी एड्स ना हो जाए। इससे पीडि़त भी हीनभावना से ग्रस्त होता है और इलाज करवाने से कतराता है। देश में हर साल करोड़ों रुपए का बजट राष्ट्रीय स्तर पर लोगों में जागरूकता फैलाने लाने के लिए खर्च किया जाता है, लेकिन अब भी मरीजों के लिए सकारात्मक नजरिए की जरूरत है।
इन-इन इलाके में रोगी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के श्रीगंगानगर ब्लॉक में 499, श्रीकरणपुर में 82, पदमपुर में 99, रायसिंहनगर में 59, अनूपगढ़ में 175, घड़साना में 91, सूरतगढ़ में 65, सादुलशहर ब्लॉक में 64 कुल 1134 रोगी पंजीकृत किए जा चुके हैं। एक अप्रेल 2017 से लेकर एक मई 2018 तक 13 महीनों में 142 नए रोगी चिह्नित कर उनका उपचार कराया जा रहा है, इस समय अवधि में श्रीगंगानगर ब्लॉक में 42 और रायसिंहनगर ब्लॉक में 36 नए रोगियों ने स्वास्थ्य विभाग के नियंत्रण करने की प्रक्रिया को चुनौती दे दी है।
इलाके के सवा ग्यारह सौ रोगी अंतिम स्टेज पर
असुरक्षित शारीरिक संबंध से यह बीमारी होती है। इतना ही नहीं, पीडि़त व्यक्ति के शारीरिक द्रव के संपर्क में आने से भी रोग के चपेट में आने का खतरा रहता है। इस मामले में कुछ लोग गलतफहमी के शिकार होते हैं। वे एचआईवी को ही एड्स मान लेते हैं। एचआईवी (ह्यूमन इम्यूनोडिफिशिएंसी) इस बीमारी का प्राथमिक स्तर है जबकि एड्स (एक्वायर्ड इम्यूनोडिफिशिएंसी सिंड्रोम) इस बीमारी का अंतिम स्टेज है। यह वायरस शरीर को धीरे-धीरे संक्रमित करता है, इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है और शरीर बीमारियों की चपेट में आ जाता है। महज आठ से दस साल में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता न्यूनतम स्तर पर आ जाती है।
एचआईवी पॉजिटिव भी जी सकता है सामान्य जीवन
एचआईवी पॉजिटिव होने के बावजूद अगर नियमित रूप से दवाइयां ली जाए तो मरीज कई वर्ष तक सामान्य जीवन जी सकता है। चिकित्सकों का कहना है कि नियमित दवाइयां लेने से 80 से 90 वर्ष तक सुरक्षित जीवन जिया जा सकता है। हालांकि बचाव ही सबसे सुरक्षित कदम है।
यह सही है कि एचआइवी पॉजिटिव में हमारा जिला रेड जोन में है। प्रचार-प्रसार के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। सुरक्षित शारीरिक संबंध में ही इसका मुख्य बचाव है। जिन रोगियों की पहचान होती है, उनका नि:शुल्क उपचार किया जाता है।
- डॉ.नरेश बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रीगंगानगर।