
श्रीगंगानगर.दक्षिण भारत की यात्रा अब अलग-अलग टिकट, होटल बुकिंग और स्थानीय परिवहन की चिंता के बिना आसान हो सकेगी। बढ़ते हवाई किरायों और पर्यटन स्थलों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) ने जयपुर से दक्षिण भारत का विशेष हवाई यात्रा पैकेज शुरू किया है। इस पैकेज में धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत का समावेश किया गया है, जिससे यात्रियों को एक ही यात्रा में दक्षिण भारत के प्रमुख आकर्षणों का अनुभव मिलेगा।आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया कि "रामेश्वरम-मदुरै एवं केरल (जयपुर से)" नामक यह पैकेज 7 रात और 8 दिन का है। यात्रा 10 अगस्त 2026 को जयपुर से शुरू होगी। डबल शेयरिंग आधार पर प्रति व्यक्ति शुल्क 47,410 रुपए निर्धारित किया गया है। यह पैकेज विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है, जो सीमित समय और बजट में दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना चाहते हैं।
पैकेज के तहत जयपुर से मदुरै तथा कोच्चि से जयपुर तक दोनों ओर का हवाई किराया शामिल है। पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था तीन सितारा अथवा समकक्ष होटलों के वातानुकूलित कमरों में की जाएगी। एयरपोर्ट से होटल तथा स्थानीय भ्रमण के लिए वातानुकूलित वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। यात्रा के दौरान सात नाश्ते, एक दोपहर का भोजन और सात रात्रि भोज भी पैकेज में शामिल हैं। इसके अलावा सभी सेवाओं पर लागू जीएसटी भी शुल्क में शामिल रहेगा।
इस यात्रा में पर्यटक मदुरै, रामेश्वरम्, कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, कुमारकोम,मुन्नार और कोच्चि जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। पैकेज का सबसे बड़ा आकर्षण केरल के कुमारकोम में हाउसबोट पर एक रात्रि प्रवास है, जहां पर्यटक बैकवाटर्स की मनोरम प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। दर्शनीय स्थलों में मीनाक्षी अम्मन मंदिर, रामेश्वरम् मंदिर, कुमारी अम्मन मंदिर, श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर, कोवलम बीच तथा एराविकुलम राष्ट्रीय उद्यान शामिल हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ समुद्र तट, हरियाली और पहाड़ी वादियों का अनुभव इस यात्रा को और खास बनाएगा।
आइआरसीटीसी के अनुसार इच्छुक पर्यटक इस पैकेज की बुकिंग 222.द्बह्म्ष्ह्लष्ह्लशह्वह्म्द्बह्यद्व.ष्शद्व पर ऑनलाइन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए व्हाट्सऐप नंबर 9116336908 एवं 8595924336 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जयपुर स्थित आइआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय से भी पैकेज संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। आइआरसीटीसी का मानना है कि यह पैकेज राजस्थान के यात्रियों के लिए दक्षिण भारत की सुविधाजनक, किफायती और यादगार यात्रा का बेहतर विकल्प साबित होगा।