श्री गंगानगर

Jordan murder case : जॉर्डन की लॉकेशन से वाकिफ थे हत्यारे, जिम में एंट्री होने का था इंतजार

हिस्ट्रीशीटर जॉर्डन उर्फ विनोद चौधरी की हत्या मामले में जांच टीम यह सुराग खंगाल रही है
2 min read
Feature image

श्रीगंगानगर.

हिस्ट्रीशीटर जॉर्डन उर्फ विनोद चौधरी की हत्या मामले में जांच टीम यह सुराग खंगाल रही है कि उसके पुरानी आबादी घर से लेकर मीरा चौक के पास वारदात स्थल तक की लोकेशन हत्यारों को कौन अपडेट कर रहा था।

जांच एजेंसी एसओजी के आदेश पर पुलिस टीम यह सुराग ढूंढने का प्रयास कर रही है कि पुरानी आबादी उदाराम चौक से लेकर मीरा चौक तक जॉर्डन के आने पर हत्यारे किस जगह से उसके पीछे लगे। जांच टीम सदस्यों की माने तो जब तक जॉर्डन अपने घर से जिम तक नहीं पहुंचा तब तक हत्यारों ने उसका इंतजार किया, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने जिम में एंट्री होने के बाद वहां जाकर वारदात को अंजाम देने में देर नहीं की।

फिल्मी स्टाइल से आए इन हत्यारों ने वारदात के लिए पूरी प्लानिंग की थी। जांच टीम के समक्ष आए संभावित सुराग के आधार पर दो युवकों की तलाश तेज की गई है।

पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम भी पहुंची

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम को अन्तरराज्यीय आपराधिक गिरोह की तलाशी के लिए वहां तैनात किया गया था। यह टीम गुरुवार को यहां पहुंची। अबोहर एएसपी के साथ एसओजी के एडिशनल एसपी संजीव भटनागर ने जॉर्डन की हत्या से जुड़े दो शार्प शूटरों की जानकारी साझा की। इसके अलावा पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज भी देखी जिसमें तीन युवक वारदात करने के लिए जिम में एंट्री करते दिखते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि पंजाब में इस गिरोह के कुछ सदस्य रहते हैं, इन लोगों के बारे में वहां सर्च ऑपरेशन करने में सहयोग की बात कही गई।

तड़के चार बजे पैदल मार्च से जुटाई जानकारी

गुरुवार तड़के करीब चार बजे शहर के पुलिस अधिकारियों ने पुरानी आबादी उदाराम चौक के पास स्थित जॉर्डन के घर से मीरा चौक तक पैदल मार्च किया। सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित का कहना था कि पैदल रास्ते में जिन-जिन बिल्डिंग पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वहां की सूची बनाई गई। इसके अलावा रास्ते में अखबार बांटने वाले, दूध बेचने वाले, डबलरोटी बेचने वाले, सफाई करने वाले कार्मिकों, सब्जी बेचने वाले दुकानदारों, ऑटो चालकों और नियमित घूमने वालों से भी पूछताछ की गई ताकि संदिग्ध लोगों की पुष्टि हो सके। सीओ सिटी के साथ जवाहरनगर, पुरानी आबादी, कोतवाली, सदर, केसरीसिंहपुर, हिन्दुमलकोट और महिला थानाधिकारी मौजूद थे।

रात साढ़े 10 बजे तक नाकाबंदी करवा कर दिया संदेश
जिला मुख्यालय पर पुलिस ने गुरुवार को एकाएक नाकाबंदी करवाकर आमजन में संदेश देने का प्रयास किया वह शहर में दिनदिहाड़े हुए जॉर्डन हत्याकांड मामले में सक्रिय रूप से काम कर रही है। पुलिस प्रशासन ने गुरुवार रात आठ से साढ़े दस बजे सुखाडिय़ा सर्किल, हनुमानगढ़ रोड पर नाथांवाली, एसएसबी रोड से कुछ दूर गंगनहर पुल पर, सूरतगढ़ बाइपास, पदमपुर बाइपास, मिर्जेवाला रोड पर रेलवे फाटक के पास, श्रीकरणपुर बाइपास, साधुवाली में नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग की।

इससे सुखाडिय़ा सर्किल पर रास्ता जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई। दुपहिया, तिपहिया, चौपहिया वाहनों की चैकिंग से लोगों में खलबली भी मच गई। इस संबंध में सीओ सिटी पुरोहित का कहना था कि यह रूटीन चैकिंग है। अक्सर ऐसा किया जाता है।

Published on:
24 May 2018 10:29 pm
Also Read
View All
श्रीगंगानगर: पानी लाती हैं पड़ोस से, फिर भी बुजुर्ग विधवा महिला को थमा दिया हजारों रुपए का बिल; घर में कनेक्शन तक नहीं

राजस्थान: भारत-पाक सीमा पर रावला बॉर्डर बना ड्रोन तस्करी का हॉटस्पॉट, चुनाव से पहले साजिश की आशंका

Rajasthan News: देश को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, भारत-PAK सरहद से RDX और हथियार बरामद, 2 शख्स अरेस्ट

Hanuman Beniwal : ‘मुझे जाना पड़ रहा है’, किसान आंदोलन को अचानक बीच में क्यों छोड़ गए सांसद हनुमान बेनीवाल? जानें पूरी खबर

Rajasthan Farmers Protest: पुलिस बैरिकेड्स तोड़े, रात भर हाइवे पर पड़ाव, सांसद हनुमान बेनीवाल की अगुवाई में क्यों उग्र हुआ किसान आंदोलन?