श्री गंगानगर

शराब पीने से मना करने पर युवक ने की मूर्तिकार पिता की हत्या, ताऊ-चाची को किया घायल

https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/  
less than 1 minute read
killing father
शराब पीने से मना करने पर युवक ने की मूर्तिकार पिता की हत्या, ताऊ-चाची को किया घायल

आरोपी मौके से हुआ फरार
श्रीगंगानगर. हिन्दुमलकोट थाना इलाके में गांव फतूही में सोमवार रात को शराब पीने से मना करने पर एक युवक ने अपने पिता पर नुकीली वस्तु से हमला कर हत्या कर दी। बीच-बचाव कराने आए ताऊ-चाची पर भी वार किए, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।


परिजनों ने बताया कि गांव फतूही निवासी दिलीप कुमार (56) पुत्र भागीरथ सेन सीमेंट की मूर्तियां बनाने का कार्य करता है। सोमवार रात करीब नौ बजे वह अपने घर पर ही था। इसी दौरान उसका पुत्र हंसराज शराब के नशे में घर आया। इस पर दिलीप कुमार ने उसे शराब पीने पर फटकार लगाई तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। अचानक हंसराज आवेश में आ गया और उसने वहां पड़ी कोई नुकीली वस्तु से अपने पिता दिलीप कुमार के सामने से दो-तीन वार कर दिए।

आवाजेंं सुनकर वहां आए दिलीप कुमार के बड़े भाई पृथ्वीराज (65) व छोटी भाई की पत्नी मैनादेवी (37) पत्नी इमरतलाल बीच- बचाव कराने आए। जिन पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे तीनों जने घायल हो गए। हंसराज मौके से फरार हो गया। घायलों को रात को ही राजकीय चिकित्सालय श्रीगंगानगर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दिलीप कुमार को मृत घोषित कर दिया। चिकित्साकर्मियों ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।


इनका कहना है
- नशे के आदी एक युवक ने सोमवार रात को किसी नुकीली वस्तु से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी और ताऊ व चाची को घायल कर दिया। घायल अस्पताल में भर्ती है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मजीद खान, थाना प्रभारी हिन्दुमलकोट श्रीगंगानगर

Published on:
28 May 2019 01:33 pm