Sriganganagar Firing Case: श्रीगंगानगर फायरिंग मामले में एक साल से फरार 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी नमन जांगिड को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।
श्रीगंगानगर। अग्रसेन नगर क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर सतीश उर्फ राजू कथूरिया के घर पर हुई फायरिंग के मामले में वांछित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी नमन जांगि़ड़ को पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने व पहचान बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी सदर थाने की टीम ने की, जिसका नेतृत्व हेड कांस्टेबल सत्यनारायण कूकणा ने किया। टीम में महिला कांस्टेबल नवनीत कौर की भी अहम भूमिका रही, जिन्हें आरोपी के संभावित ठिकानों की गोपनीय सूचना मिली थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नमन जांगिड़ हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव कनीना का रहने वाला है। उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए लगातार भेष बदल रखा था। वह गुरुग्राम के बुढेड़ा क्षेत्र स्थित एसजीटी यूनिवर्सिटी के पास एक पीजी में कॉलेज स्टूडेंट बनकर रह रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और बाद में विधिवत गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता सामने आई थी और पूर्व में कई शूटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि नमन जांगिड़ लगातार फरार चल रहा था, जिसे अब पकड़ लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गैंग के अन्य सहयोगियों और नेटवर्क की तलाश जारी है तथा जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या-1 ने इस आरोपी को भगोड़ा घोषित किया था। साथ ही पुलिस अधीक्षक की ओर से उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह मामला 25 मार्च 2025 का है, जब अग्रसेन नगर चौक स्थित प्रॉपर्टी डीलर सतीश कुमार उर्फ राजू कथूरिया के घर पर फायरिंग की गई थी। आरोप है कि फिरौती की रकम नहीं देने पर यह हमला कराया गया। इस मामले में जवाहरनगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें अशोक सिडाना, यशविंद्र उर्फ यस सिडाना, नीरज सनेजा, निश्चय नारंग, रोहित वाल्मीकि, मोनू वर्मा और गोल्डी बराड़ सहित कई आरोपियों को नामजद किया गया था।