श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर- हनुमानगढ़ जिले की 11 विधानसभाओं में महिलाओं की उम्मीदवारी कम

https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/
2 min read
#changemakers
श्रीगंगानगर- हनुमानगढ़ जिले की 11 विधानसभाओं में महिलाओं की उम्मीदवारी कम

श्रीगंगानगर- हनुमानगढ़ जिले की 11 विधानसभाओं में महिलाओं की उम्मीदवारी कम

पिछले पांच चुनावों में सातवें हिस्से से भी कम रही हैं महिला उम्मीदवार

2013 में 13.23 प्रतिशत थी महिला उम्मीदवार

लालगढ़ जाटान-(श्रीगंगानगर) राजस्थान विधानसभा चुनावों में हर बार ही महिला उम्मीदवारों की संख्या बहुत कम होती है। पिछले 5 विधानसभा चुनावों में राजस्थान में महिलाओं की हिस्सेदारी आठ प्रतिशत अथवा बाहरवें हिस्से से भी कम रही है। जबकि श्री गंगानगर हनुमानगढ़ जिले की 11 विधानसभाओं में महिलाओं की उम्मीदवारी 14 प्रतिशत से भी कम रही है। चुनावों से पहले सभी पार्टियां रैलियों और सभाओं में महिलाओं को अधिक टिकट देने का दावा करती हैं।

परंतु सारे दावे झूठे साबित होते हैं। पिछले 25 सालों से विधानसभा में महिलाओं की संख्या बहुत कम रही है। 2013 में दोनों जिलों की 11 विधानसभाओं के लिए 136 उम्मीदवार मैदान में थे। जिनमें से मात्र 18 महिला उम्मीदवार थी। इन महिला उम्मीदवारों में से चार महिलाओं ने जीत दर्ज की। तथा 11 महिलाओं की जमानत जब्त हुई।

गंगानगर जिले में तीन, हनुमानगढ़ में एक महिला विधायक

2013 विधानसभा चुनावों में श्री गंगानगर जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8 महिला उम्मीदवार थी। जिसमें से तीन महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की तथा तीन महिला उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। इसी प्रकार हनुमानगढ़ जिले के 5 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10 महिला उम्मीदवार थी। जिसमें से एक महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज की तथा 8 महिला उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई।

पूरे राजस्थान में रहती है महिला उम्मीदवारों की संख्या कम

चौदहवीं विधानसभा के लिए 2013 विधानसभा चुनावों में 200 सीटों के लिए 2096 उम्मीदवार चुनाव लड़े थे। जिनमें से मात्र 166 महिला उम्मीदवार थी। इन महिला उम्मीदवारों में से 105 महिलाओं की जमानत जब्त हुई। तथा 28 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।

फैक्ट फाइल
कुल उम्मीदवारों में से महिला उम्मीदवारों का प्रतिशत

चुनाव गंगानगर+हनुमानगढ़ राजस्थान
सन् ---(% में) ---(% में)

2013 ---13.23--- 7.91
2008--- 5.04---- 7.01
2003 ---8.41 ----7.65
1998--- 3.66 ---4.80
1993 ----3.93--- 3.92

महिला उम्मीदवारों की जीत का प्रतिशत

चुनाव गंगानगर+हनुमानगढ़ राजस्थान
सन्-- --(% में) ----(% में)

2013-- 22.22 ----16.86

2008-- 16.66---- 18.18
2003--- 0.00 ----10.16
1998-- --50.0--- 20.28
1993 ----14.28 ---9.37

Updated on:
15 Nov 2018 09:38 pm
Published on:
15 Nov 2018 09:04 pm