अनूपगढ़ के गांव 77जीबी (A) के एक खेत में बमनुमा वस्तु दिखाई दी। अवतार सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी 77 जीबी (A) के खेत में मिले इस वस्तु को खंगालकर देखा गया तो इसका ज़िंदा बम होने का पता चला।
अनूपगढ़। राजस्थान में भारत-पाकिस्तान की सरहदी सीमा पर एक ज़िंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। बम मिलने की सूचना आग की तरह पूरे गांव में फ़ैल गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने बम की पड़ताल की तो सामने आया कि ये एक 'हैंड ग्रेनेड 36' है।
अधिकारियों ने बताया कि इस हैंड ग्रेनेड की पिन निकली हुई है, लेकिन किन्हीं कारणों से ये फटा नहीं। बम ज़िंदा है, लेकिन पुराना होने के कारण इसमें जंग लगी हुई है, इसी वजह से ये फटा नहीं।
जानकारी के मुताबिक़ अनूपगढ़ के गांव 77जीबी (A) के एक खेत में बमनुमा वस्तु दिखाई दी। अवतार सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी 77 जीबी (A) के खेत में मिले इस वस्तु को खंगालकर देखा गया तो इसका ज़िंदा बम होने का पता चला। इसके बाद ज़िंदा बम होने की खबर पुलिस को दी गई। थोड़ी देर बाद ही पुलिस अफसर मय जाप्ते के साथ मौके पर पहुँच गए।
गौरतलब है कि सरहदी इलाके में ज़िंदा बम मिलने की ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ज़िंदा या निष्क्रिय बम मिल चुके हैं।
‘पाकिस्तान’ लिखा हुआ गुब्बारा मिला
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के गांव 7 के (बी) के एक खेत में एक दिन पहले सोमवार को ही एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिला था, जिसकी सूचना पर सीमा सुरक्षा बल तथा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गुब्बारे को नष्ट किया।
रविवार सुबह लगभग सात बजे सीमावर्ती गांव 7 के (बी) में सुलखन सिंह पुत्र नायब सिंह ने पुलिस को सूचित किया कि सोमवार सुबह लगभग 7 बजे जब अपने खेत में गया तो उसके खेत में एक गुब्बारा गिरा हुआ था। उस पर पाकिस्तान शब्द लिखा हुआ था।
खिलौनेनुमा गुब्बारे का आकार हवाई जहाज की तरह था। गुब्बारा देखने पर उसने इसकी सूचना बीएसएफ और पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर बीएसएफ और पुलिस के अधिकारी मौके पहुंचे और गुब्बारे की जांच की।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा हुआ है और जांच के दौरान गुब्बारे के साथ कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। जांच के बाद गुब्बारे को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।