बहुप्रतिक्षित सरकारी मेडिकल कॉलेज के लिए राज्य सरकार नया स्वीकृति पत्र अर्थात एलओपी (लैटर ऑफ परमिशन) शीघ्र जारी करने जा रही है।
श्रीगंगानगर.
बहुप्रतिक्षित सरकारी मेडिकल कॉलेज के लिए राज्य सरकार नया स्वीकृति पत्र अर्थात एलओपी (लैटर ऑफ परमिशन) शीघ्र जारी करने जा रही है। यह अगले सप्ताह तक प्रशासन को मिल जाएगा। सरकारी मेडिकल कॉलेज का नए सिरे से निर्माण कार्य यह पत्र मिलने के बाद ही शुरू होगा।
जिला कलक्टर ज्ञानाराम ने 'पत्रिका से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले वे जयपुर में मुख्य सचिव से मिले थे। तब एलओपी की प्रक्रिया शुरू होने और इसके सप्ताह भर में जारी होने की जानकारी उन्हें दी गई। उन्होंने बताया कि चार-पांच दिन में एलओपी जारी होने की उम्मीद है। उसके बाद दानदाता को इसकी एक प्रति देकर निर्माण कार्य शुरू करने का कहा जाएगा। उल्लेखनीय है कि जयपुर में 14 फरवरी को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के यहां हुई वार्ता में दानदाता बी.डी. अग्रवाल ने नया स्वीकृति जारी होने के बाद महीने भर में ही मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण शुरू करने की बात कही थी।
जयपुर में हुई वार्ता में तय हुआ था कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण चार चरणों मे होगा। प्रथम चरण में उतना ही भवन बनेगा जो प्रथम वर्ष एमबीबीएस की कक्षा लगाने के लिए पर्याप्त हो। निर्माण कार्य की जांच सार्वजनिक निर्माण विभाग की टीम समय-समय पर करेगी। दानदाता के भवन निर्माण करवाने के बाद कक्षाएं शुरू करने की जिम्मेदारी सरकार की रहेगी।
एलओपी मिल जाए
दानदाता अग्रवाल का कहना है कि नया स्वीकृति पत्र जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू करने का वादा सरकार से किया है। इसकी प्रति मिलते ही हमें जो कार्य करना है वह मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम के निरीक्षण से पहले हो जाएगा। निरीक्षण दिसम्बर के बाद होना है। जयपुर में 14 फरवरी को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के यहां हुई वार्ता में दानदाता बी.डी. अग्रवाल ने नया स्वीकृति जारी होने के बाद महीने भर में ही मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण शुरू करने की बात कही थी।