श्री गंगानगर

गर्भवती पत्नी को छोड़ दो बेटियों की मां के साथ कूदा नहर में

- डूबने से दोनों की मौत

2 min read
police investigation

संगरिया (हनुमानगढ).

नजदीकी गांव बोलांवाली में प्रेम प्रसंग के चलते शादीशुदा प्रेमी युगल ने नहर में छलांग लगा दी। इससे दोनों की मौत हो गई।सोमवार दोपहर दोनों शव नहर से बरामद कर लिए गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए गए। मृतका दो बेटियों की मां है तथा मृतक युवक की पत्नी गर्भवती है।


थाना प्रभारी मोहरसिंह पूनियां ने बताया कि बोलांवाली गांव के वार्ड बारह निवासी भीमसेन उर्फ विजेंद्र सिद्ध (25) पुत्र बीरबलराम सिद्ध सोमवार तड़के अपने परिचित पूर्णाराम की बाइक पर सार्दुल ब्रांच नहर पर पहुंचा। साथ में मोहल्ले की सुलोचना देवी (28) पत्नी सुभाषचंद्र जाट को भी ले गया। पुल से थोड़ा आगे बाइक किनारे पर खड़ी कर नहर में कूद गए। सूचना मिलने पर एएसआई रामकुमार मय जाब्ता पहुंचे। करीब दस बजे डीएसपी देवानंद भी मौके पर पहुंचे। नहर किनारे से बाइक, दो मोबाइल फोन, चुन्नी, रस्सी व परिजनों के नाम विजेंद्र का लिखा सुसाइड नोट बरामद किया गया। सूरेवाला से गोताखोर बुलाकर करीब 11 बजे तलाश शुरू की। पांच घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर दोनों शव दुपट्टे से बंधे मिले। उनको स्थानीय सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया गया।इस दौरान सुबह से ही सुलोचना के पीहर ढाणी केहरवाला (हरियाणा) तथा बोलांवाली से दोनों पक्षों के परिजन व ग्रामीण मौके पर जमा रहे।


जानकारी के अनुसार मृतक भीमसेन खेतों में टै्रक्टर आदि चलाकर परिवार पालता था। सुबह पूर्णाराम के खेत से वह बिना बताए बाइक लेकर निकल गया। करीब पौने पांच बजे सुलोचना को मोबाइल पर फोन कर बुलाया। उधर, सुलोचना का पति सुभाष खेत में पानी लगाकर सुबह चार बजे घर आकर सोया था। दोनों बच्चियों की रोने की आवाज सुनकर वह उठा तो पत्नी गायब थी। दोनों परिवारों को गायब होने की सूचना मिली तो तलाश शुरू की। थाना प्रभारी मोहरसिंह पूनिया ने बताया कि सुसाइड नोट से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।

पीछे रहे बिलखते बच्चे
सुलोचना व भीमसेन दोनों विवाहित हैं। भीमसेन की पत्नी गर्भवती है। जबकि सुलोचना अपनी छह माह की दूधमुंही तथा पांच साल की बेटी को बिलखता छोड़ गई।

Published on:
29 Jan 2018 09:35 pm
Also Read
View All