Rajasthan Murder Case: श्रीगंगानगर जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों के चलते सास की हत्या की साजिश रची गई थी, जिसमें पुत्रवधू की संलिप्तता पाई गई।
Murder In Illicit Affair: श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव सागरवाला में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतका की पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों के चलते सास की हत्या की साजिश रची गई थी।
थानाधिकारी आईपीएस प्रशिक्षु ज्ञानेन्द्र भारती ने बताया कि पिछले सप्ताह करीब 80 वर्षीय मोहिनी देवी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतका के पोते अमन बिश्नोई की रिपोर्ट पर पुत्रवधू कलावती बिश्नोई, पड़ोस में रहने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर त्रिलोकचंद अरोड़ा सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्रवधू कलावती बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका पड़ोसी त्रिलोकचंद अरोड़ा के साथ अवैध संबंध था, जिसका उसकी सास मोहिनी देवी लगातार विरोध करती थीं। इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार सास की टोका-टाकी से परेशान होकर कलावती ने साजिश रचते हुए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दिन मोहिनी देवी गांव के बाहर स्थित मंदिर में दर्शन कर लौट रही थीं।
इसी दौरान सुनसान स्थान पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहिनी देवी को तुरंत चुनांवढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी त्रिलोक और उसके सहयोगी को पहले पकड़ लिया था।