- रावला के आशीष सांसी हत्याकांड: प्रेमी के संग रची थी हत्या की साजिश, प्रेमी ने अपने दोस्तों का लिया सहारा, पुलिस ने किया खुलासा तो आरोपी पत्नी, प्रेमी सहित चारों आरोपी आए काबू, अब पुलिस रिमांड पर
श्रीगंगानगर. रावला थाना क्षेत्र के चक एक केएलएम में हुए आशीष हत्याकांड में गिरफतार मृतका की पत्नी, उसके प्रेमी सहित चार आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, वहां से रिमांड हासिल किया है। इन आरोपियों से हत्या के दौरान प्रयुक्त धारदार हथियार और अन्य सामान की बरामदगी के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी रावला सीआई बलवंत राम ने बताया कि मृतक आशीष सांसी की पत्नी सादुलशहर निवासी अंजू उर्फ अर्जु उर्फ अंजली (23) पुत्री सुभाष, अंजली के प्रेमी जगदम्बा कॉलोनी श्रीगंगानगर निवासी संजय उर्फ संजू पुत्र गुलाबचंद (25), प्रेमी के दोस्त सादुलशहर निवासी रोहित उर्फ रॉकी पुत्र राजू (20) और जगदम्बा कॉलोनी श्रीगंगानगर निवासी बादल उर्फ सिद्धार्थ पुत्र अशोक कुमार (20) को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। रावला थाने में 31 जनवरी को परिवादी चक एक केएलएम निवासी बजीरचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे उसके भतीजे आशीष कुमार अपनी पत्नी के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, इससे आशीष गंभीर घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस अनुसंधान के दौरान मृतक के शरीर पर आई चोटों की प्रकृति संदिग्ध पाई गई, इससे स्पष्ट हुआ कि यह सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर मारपीट और गला घोंटकर की गई हत्या है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आशीष की शादी करीब तीन माह पूर्व अंजू उर्फ अंजली से हुई थी। शादी से असंतुष्ट अंजली कुछ समय बाद पीहर सादुलशहर चली गई, जहां उसने अपने प्रेमी संजय उर्फ संजू के साथ मिलकर आशीष की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत अंजली पुनः ससुराल लौट आई और रोज़ की तरह पति के साथ रात में घूमने जाने लगी। 30 जनवरी की रात उसने पति को बहाने से सूनसानसड़क पर ले जाकर पहले से झाड़ियों में छिपे आरोपियों को इशारा किया। इसके बाद आरोपियों ने डंडों से सिर पर वार कर आशीष को बेहोश किया और मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
ऐसे खुला हत्या का राज
हत्या के बाद घटना को लूट व दुर्घटना का रूप देने के लिए अंजली ने अपने पति आशीष सांसी का मोबाइल फोन और अपने झुमके आरोपियों को दे दिए। जब परिजनों ने आशीष सांसी के मोबाइल फोन पर कॉल की तब यह किसी अन्य व्यक्ति ने अटैंड की। तब परिजनों को इस मामले में संदेह ज्यादा हुआ। जिस जगह यह दुर्घटना स्थल बताया गया है, वहां सिंगल सड़क है और यहां वाहनों की आवाजाही काफी कम होती है। ऐसे में वाहन की गति भी ज्यादा नहीं रहती। आशीष के पोस्टमार्टम में सिर में गहरी चोटों और गला घोंटने के मरने का पहलू सामने आया तब पुलिस ने मृतका की पत्नी अंजली के फोन की कॉल डिटेल खंगाली।
पूछताछ के दौरान इस आरोपी ने किया नाटक
पुलिस ने जब अंजली के प्रेमी के दोस्त सादुलशहर निवासी रोहित उर्फ रॉकी को पकड़कर पूछताछ करने का प्रयास किया तो उसने अपनी तबयीत खराब होने का स्वांग रचा और खुद बेहोशी का नाटक करने लगा। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रॉकी अपने शरीर को कंपकंपाने लगा ताकि पुलिस उससे ज्यादा पूछताछ नहीं कर सके। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने जब स्वास्थ्य परीक्षण कराया तो वह शरीर से फिट नजर आया।