- मसौदा तैयार, बस राज्य सरकार का इंतजार
- मसौदा तैयार, बस राज्य सरकार का इंतजार
श्रीगंगानगर.
नई धानमंडी में एग्रो ट्रेड टावर में आवंटन का कुछ अता-पता नहीं है। श्रीगंगानगर सहित राज्य की कई धान मंडियों के एग्रो ट्रेड टावर में आवंटन के संबंध में गठित सात सदस्यीय कमेटी अपनी तरफ से मसौदा बनाकर कृषि विपणन निदेशालय को सौंप चुकी है लेकिन राज्य सरकार का कोई निर्णय नहीं होने से बात आगे नहीं बढ़ी है।
उल्लेखनीय है कि इस कमेटी में श्रीगंगानगर की मंडी समिति (अनाज) के सचिव शिवसिंह भाटी, बूंदी के टीआर मीणा, जयपुर के महिपाल सिंह, उदयपुर के भगवानसहाय, कोटा के रामपाल कुमावत, खैरथल के रामविलास यादव एवं खण्ड उदयपुर के क्षेत्रीय उप निदेशक संजय व्यास शामिल थे। इसने जयपुर में दो बार बैठक कर अपनी तरफ से तैयार मसौदा सौंप दिया लेकिन अभी तक आगे कोई निर्णय नहीं हुआ।
मंडी प्रांगणों में निर्माणाधीन एग्रो ट्रेड टावर के ऑफिसों के आवंटन के लिए अचल सम्पत्ति आवंटन नीति 2005 में कोई प्रावधान नहीं है, इसलिए आवंटन की प्रक्रिया के निर्धारण के लिए कमेटी गठित की हुई है।दूसरी तरफ, श्रीगंगानगर की नई धानमंडी में काफी समय से तैयार पड़े टावर को लेकर असमंजस बना हुआ है। इसमें ऑफिस के आवंटन की नीति पहले मंजूर करवाई जा चुकी है। आवेदन लेने के बाद दस्तावेजों की जांच का काम भी लगभग पूरा हो चुका है।
श्रीगंगानगर में यह स्थिति
श्रीगंगानगर में चार मंजिल के टावर के 92 ऑफिस के लिए विभिन्न श्रेणियों में कुल 161 आवेदन आए हुए हैं। महिला कृषक वर्ग के लिए 59, अनुज्ञापत्रधारी कृषि जिन्स प्रसंस्करण इकाई वर्ग के लिए 6, कृषि स्नातक वर्ग के लिए 10, संयुक्त व्यापारी वर्ग के अनुज्ञापत्रधारी वर्ग के लिए 86 आवेदन आए हुए हैं। अनुज्ञापत्रधारी निर्यातक फर्म वर्ग में कोई आवेदन नहीं आया हुआ है। कच्चा आढ़तियों के लिए टावर में ऑफिस का प्रावधान नहीं रखा गया।