श्री गंगानगर

सेना की एंटी एयरक्राफ्ट गन ने उड़ाए पाकिस्तानी ड्रोन के परखच्चे, ग्रामीणों ने बीएसएफ को सौंपे ड्रोन के टुकड़े

सैन्य गतिविधियों की टोह लेने शुक्रवार तड़के भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तानी ड्रोन के परखच्चे सेना की एंटी एयरक्राफ्ट गन ने उड़ा दिए।
less than 1 minute read
pakistan drone

श्रीगंगानगर। सैन्य गतिविधियों की टोह लेने शुक्रवार तड़के भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तानी ड्रोन के परखच्चे सेना की एंटी एयरक्राफ्ट गन ने उड़ा दिए। ड्रोन का मलबा सीमावर्ती गांव मदेरां में गिरा, जिसे ग्रामीणों ने इकट्ठा कर बीएसएफ की सीमा चौकी पर अधिकारियों को सौंप दिया। दिनभर शांति रहने के बाद शाम साढ़े सात बजे के आसपास पाकिस्तानी ड्रोन पुन: भारतीय सीमा में आए तो सेना की एंटी एयरक्राफ्ट गन एक बार फिर गरजीं। उसके बाद पाकिस्तानी ड्रोन का कोई अता-पता नहीं चला।

रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब छह बजे एक पाकिस्तानी ड्रोन बीएसएफ की मदेरां सीमा चौकी के पास से भारतीय सीमा में घुसा। ड्रोन की गतिविधि जैसे ही राडार पर आई सेना की एंटी एयर क्राफ्ट गन से फायरिंग शुरू हो गई।

पांच-सात मिनट चली फायरिंग में पाकिस्तानी ड्रोन सीमावर्ती गांव मदेरां के उपर ध्वस्त हो गया। ग्रामीण देवीलाल सिंगाठिया ने बताया कि ड्रोन का मलबा कई घरों की छत और गलियों में गिरा। उजाला होने पर ग्रामीणों ने ड्रोन का मलबा इकट्ठा किया और उसे गांव में ही बनी सीमा सुरक्षा बल की चौकी पर जाकर अधिकारियों को सौंप दिया।

शाम को फिर आए
रक्षा सूत्रों ने बताया कि शाम साढ़े सात बजे के आसपास पाकिस्तान की ओर से तीन ड्रोन आए। अंतररराष्ट्रीय सीमा के पास चक्कर लगाकर जब यह ड्रोन भारतीय सीमा में घुसे तो सेना की एंटी एयरक्राफ्ट गन से फायरिंग शुरू हो गई। पांच-सात मिनट बाद फायरिंग रुकी तो ड्रोन गायब हो चुके थे। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को दो बार ड्रोन आने के बाद सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Published on:
22 Mar 2019 09:20 pm