श्री गंगानगर

Video : ओपीडी खाली, रोगियों को चिकित्सक का इंतजार

-एक्स-रे और अन्य जांचों में आई कमी -रोगी हो रहे परेशान
2 min read
• •
Updated: 26 Dec 2017, 8:23 PM IST
government hospital
government hospital

श्रीगंगानगर.

राजकीय जिला चिकित्सालय में मंगलवार को ओपीडी सूनी पड़ी रही। रोगी परेशान होते रहे, लेकिन उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई।अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के आंदोलन के तहत मंगलवार को भी अधिकांश चिकित्सक अस्पताल से अनुपस्थित रहे। अकेले राजकीय जिला चिकित्सालय में कार्यरत 64 चिकित्सकों में से 52 अवकाश पर हैं, इनमें से भी सात मेडिकल अवकाश पर बताए जा रहे हैं। चिकित्सकों के इतनी बड़ी संख्या में अवकाश पर रहने से रोगियों का हाल बेहाल है। मंगलवार को चिकित्सालय की ओपीडी में आठ सौ से ज्यादा रोगी पहुंचे। इनमें मेडिसिन विभाग से संबंधित रोगियों को तो उपचार मिला, लेकिन शेष में डॉक्टर दिखे ही नहीं।

इन विभागों का हाल बेहाल
चिकित्सालय के दंत रोग विभाग, चर्म एवं रति रोग विभाग, कान नाक गला विभाग, नेत्र रोग विभाग, अस्थि रोग विभाग सहित विभिन्न विभागों में डॉक्टरों का टोटा रहा। इन रोगों में रोगी पहुंचते और लौट जाते। चिकित्सालय में केवल मेडिसिन विभाग ऐसा था जहां रोगियों की कतार लगी थी और जांच के लिए दो चिकित्सक भी मौजूद थे।

सर्जरी विभाग में आयुर्वेद चिकित्सक
इसके साथ ही सर्जरी विभाग में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के कुछ आयुर्वेद और होम्योपैथी के चिकित्सकों को बैठा रखा था। हालांकि यहां कोई रोगी नजर नहीं आ रहा था। रोगियों का कहना था कि सर्जरी विभाग में आयुर्वेद और होम्योपैथी के चिकित्सक तो हैं, लेकिन एलोपैथी से उपचार चाहने वालों को इससे कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उनका कहना था कि आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सक से यदि कुछ दवाएं लिखवा भी ली जाएं तो यह चिकित्सालय में उपलब्ध ही नहीं हो पा रही है। सर्जरी विभाग में आयुर्वेद के डॉ.शैलेंद्र, डॉ.सोनल कथूरिया, डॉ.अमित शर्मा और डॉ.वाटिका ग्रोवर तथा होम्योपैथी के डॉ.एकता शर्मा और डॉ.प्रदीप आसेरी मौजूद रहे।

चेतावनी का भी असर नहीं
चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों को 26 दिसम्बर तक उपस्थित होने की चेतावनी देने के बावजूद इसका कोई असर नजर नहीं आया। दिन में राजकीय जिला चिकित्सालय के उपनियंत्रक डॉ.प्रेम बजाज चिकित्सालय परिसर में घूमते नजर आए। वे कुछ देर के लिए अपने कार्यालय में भी मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इसके अलावा भी किसी अन्य नए चिकित्सक ने भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इसके साथ ही चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने से एक्स रे सहित अन्य जांचों में भी कमी आई है।

फैक्ट फाइल
राजकीय जिला चिकित्सालय में चिकित्सक-64

अनुपस्थित-52
उपस्थित-12

अस्वस्थ-07
आरबीएसके के चिकित्सक-06

मंगलवार को ओपीडी-801
मंगलवार को आईपीडी-39

Published on:
Also Read
View All