
श्रीगंगानगर.
सीआई भूपेन्द्र सोनी के भानजे पंकज सोनी हत्याकांड में करीब दो माह की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को पंजाब में कुछ संदिग्धों से सुराग हाथ लगे हैं।इसको लेकर इस हत्याकांड के जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस वहां संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। यदि इनसे पूछताछ में कुछ ठोस जानकारी मिलती है तो इनको श्रीगंगानगर लाया जाएगा।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि छह दिसंबर को लालगढ़ जाटान थाना इलाके में बुधरवाली गांव के पास पंकज सोनी को कुछ बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया और उस पर ताबडतोड़ सात फायर किए, जिससे उसकी मौत हो गई। बदमाश उसका बैग लूटकर फरार हो गए।जिसमें काफी चांदी व सोना आदि था। पंकज सोनी शादुलशहर से अपने घर श्रीगंगानगर आ रहा था। खुलासे के लिए सात पुलिस टीमें बनाई गई और इनमें करीब सौ से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया। पुलिस ने करीब डेढ़ सौ से अधिक संदिग्धों व बदमाशों से सख्ती से पूछताछ की लेकिन सुराग नहीं लगा। पुलिस टीमें पंजाब, हरियाणा व हनुमानगढ़ व जिले के कई इलाकों में बदमाशों की तलाश करती रही। हजारों की संख्या में फोन कॉल्स की डिटेल्स भी निकलवाई गई। इस मामले में कुछ टीमें लगातार जुटी रही।
पिछले दिनों पुलिस को जानकारी मिली कि पंजाब के बहाववाला में पुलिस ने लूट के एक मामले में सादुलशहर के तीन बदमाशों को पकड़ा। वहीं, इनके अन्य साथियों को पूछताछ के लिए लाया गया। इन बदमाशों के तार सादुलशहर से जुड़ते ही यहां की पुलिस सक्रिय हो गई। इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी नरेन्द्र पूनिया पंजाब में ही इस मामले में जुटे रहे। पंजाब में पकड़े गए संदिग्धों से पुलिस को पंकज सोनी हत्याकांड में कुछ सुराग मिले है।
इनका कहना है
पंकज सोनी हत्याकांड में पुलिस को कुछ संदिग्धों की जानकारी मिली है। पुलिस इस दिशा में काम कर रही है। अलग-अलग स्थानों पर कई टीमें भेजी हुई हैं।
-सुरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर।