
श्रीगंगानगर.
शहर में होने वाली चोरी, छेड़छाड़ सहित आए दिन होने वाले विवादों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से किराएदारों का सर्वे कराया जाएगा।इसके लिए शहर के सभी थाना प्रभारियों को यह कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संदिग्धों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
पिछले कुछ माह के दौरान शहर में हुई चोरी, छीना-झपटी, बाइक चोरी व एटीएम तोडऩे के प्रयास आदि के मामलों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार ने पिछले दिनों जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि वे बीट प्रभारियों से अपने-अपने इलाके मेंबाइकों का सर्वे कराए। ऐसे में जिसकी बीट में वारदात होगी, उसी बीट प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस अधिकारियों ने बीट प्रभारियों को अपने-अपने इलाके में किराएदारों का सर्वे कर सूचीबद्ध करने व उनकी पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को इस कार्य को शीघ्र ही कराए जाने की हिदायत दी गई है।
जानकारी नहीं दी तो हो सकती है कार्रवाई- पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीट कांस्टेबल की ओर से तो सर्वे किया ही जाएगा। इसके अलावा समय-समय पर अपने यहां रखे जाने वाले किराएदारों की सूचना संबंधित थाने में नहीं देने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। यदि कोई किराएदार किसी वारदात में शामिल पाया गया तो संबंधित मकान मालिक के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए मकान मालिक अपने किराएदारों की पहचान आदि के बारे में संबंधित थाने में जानकारी दें।
... तो बीट प्रभारी पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि सभी थाना प्रभारियों को किराएदारों का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। यदि इसके बाद कोई किराएदार वारदात में शामिल पाया गया तो संबंधित बीट प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उससे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। बीट में यदि बार-बार ऐसा होना पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
सर्वे के दिए हैं निर्देश
- एसपी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाके में किराएदारों का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। यदि इसके बाद किराएदार वारदात में शामिल पाए गए तो संबंधित बीट प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, श्रीगंगानगर।