श्री गंगानगर

‘प्रताडि़त करती हैं प्रधानाचार्य’

दोनों के विवाद से खराब हुआ मटका चौक स्कूल का माहौल

2 min read

श्रीगंगानगर.

मटका चौक स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य बलविंद्र कौर व पीटीआई चरणजीत कौर का कई माह से जारी विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शिक्षा विभाग भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस कारण स्कूल में दो गुट बने हुए हैं जो एक-दूसरे की शिकायतें कर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित कर रहे हैं। मंगलवार को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी श्रीगंगानगर आई हुई थी।

सुबह सर्किल हाउस में स्कूल की छात्राएं उनसे मिलीं और स्कूल की दो व्याख्याताओं पर प्रैक्टिकल करवाने के लिए 50-50 रुपए लेने और प्रधानाचार्य पर बालिकाओं को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ बालिकाएं तो रोने तक लग गईं। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य ऑफिस में बुलाकर प्रताडि़त करती हैं और चरित्र पर सवाल उठाते हुए गलत आरोप लगा रही हैं। एक छात्रा ने बताया कि उसका चयन वॉलीबाल प्रतियोगिता में जयपुर खेलने के लिए हुआ था, लेकिन प्रधानाचार्य ने प्रैक्टिकल का कह कर उसे वापिस बुला लिया। एक अन्य छात्रा ने बताया कि उसके पिता स्कूल में कैंटीन चलाते थे, उनको भी वहां से निकाल दिया गया।

उप-निदेशक करवा रहे हैं जांच
मटका चौक स्कूल की प्रधानाचार्य व पीटीआई पर दोनों पक्षों ने आरोप-प्रत्यारोप लगाकर स्कूल का माहौल खराब कर रखा है। कौन सही है और कौन गलत, इसका खुलासा शिक्ष विभाग के उप निदेशक (माध्यमिक) महावीर पूनिया द्वारा की जा रही जांच के बाद ही हो सकेगा। कुछ दिन पहले उप निदेशक श्रीगंगानगर एक कार्यक्रम में आए हुए थे। इस दौरान पीटीआई व उनके संगठन के पदाधिकारियों ने हंमामा करते हुए प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस पर उप-निदेशक ने पीटीआई व प्रधानाचार्य से संबंधित पूरे प्रकरण की फाइल बीकानेर तलब कर रखी है और इसकी जांच चल रही है।


जांच करवा लो, पता चल जाएगी सच्चाई
मामले की सूचना मिलने पर प्रधानाचार्य बलविंद्र कौर व उनका स्टाफ सर्किट हाउस पहुंच गया और कहा कि बालिकाएं पीटीआई चरणजीत कौर के कहने पर झूठे आरोप लगा रही हैं। इसकी जांच करवा लो,सच्चाई पता चल जाएगी। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि बेटियां चरित्र पर झूठे आरोप तो लगा नहीं सकती है। जरूर, कोई न कोई बात तो हुई होगी। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी भी मौजूद थे। प्रधानाचार्य का कहना है कि पीटीआई झूठे आरोप लगवा रही है।

Published on:
21 Feb 2018 07:53 am
Also Read
View All