श्री गंगानगर

प्रयोगशाला सहायक आत्महत्या प्रकरण में प्राचार्य निलंबित, दो कार्मिक एपीओ

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
police investigation
police investigation

श्रीगंगानगर.

राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मटका चौक के प्रयोगशाला सहायक जगदीश प्रसाद मेघवाल के फांसी लगाकर खुदकुशी करने के मामले में बुधवार को शिक्षा विभाग ने प्राचार्य को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया। इस मामले में दो कार्मिकों को एपीओ किया गया है। प्रयोगशाला सहायक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज होने व विभागीय जांच शुरू होने के कारण माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर के निदेशक नथमल डिडेल ने बुधवार शाम को आदेश जारी करते हुए मटका चौक स्कूल की प्राचार्य बलविंद्र कौर को निलंबित कर दिया। इनका मुख्यालय बीकानेर रहेगा। प्राचार्य चार्ज वरिष्ठ व्याख्याता प्रेम प्रभा जैन को सौंपा गया है।

इसी प्रकार विद्यालय के कर्मचारी अयूब खान को एपीओ किया है, उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपस्थिति देनी होगी। कर्मचारी नरेश अरोड़ा को एपीओ कर बीकानेर भेज दिया है। इस मामले का चौथा आरोपी राजेश शर्मा पहले से ही निलंबित चल रहा है। इस मामले को लेकर प्रयोगशाला सहायक के परिजन और दौलतपुरा के ग्रामीण धरने पर बैठे रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे कई बार वार्ता की परन्तु वे पोस्टमार्टम को राजी नहीं हुए।

मारपीट में दो जने घायल, मामले दर्ज

श्रीगंगानगर. शहर में दो स्थानों पर मारपीट में दो युवक घायल हो गए। जिनके पर्चा बयान पर पुलिस ने मामले दर्ज किए हैं। पुरानी आबादी थाना पुलिस ने बताया कि सुभाष मार्केट पुरानी आबादी निवासी ओमप्रकाश पुत्र कृष्णलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ अज्ञात युवक बाइकों पर आए और डंडों व लोहे के पाइपों से हमला कर उसे घायल कर दिया।

इन युवकों ने कुछ दिन पहले उससे बाइक की मरम्मत कराई थी। इसी प्रकार अग्रसेन नगर निवासी बंशीलाल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि केदार चौक पर दुकान पर गया तो वहां पास में पेशाब करने चला गया। जहां एक होटल के कार्मिक सुरेन्द्र ने उसको मारपीट कर घायल कर दिया।

Published on:
01 Aug 2018 09:37 pm