
जेल से प्रोडक्शन वारंट पर किया गिरफ्तार
श्रीगंगानगर. यहां जॉर्डन हत्याकांड के मामले में गिरफ्तारी के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेले भेजे गए लॉरेंस के गैंगस्टर संपत नेहरा को सोमवार चार बजे बाद पंजाब से आई चंडीगढ़ के समीप डेराबस्सी थाने की पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर अपने यहां दर्ज प्रकरण में पूछताछ के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ले गई है।
जानकारी के अनुसार डेराबस्सी थाने की पुलिस अपने यहां प्रकरण में गैंगस्टर संपत नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए आई थी। सोमवार सुबह करीब दस बजे पंजाब पुलिस के करीब दो दर्जन हथियारबंद जवान वाहनों में यहां पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने अदालत से गैंगस्टर का प्रोडेक्शन वारंट प्राप्त किया था। यहां से शाम करीब चार बजे बाद पंजाब पुलिस भारी सुरक्षा के बीच गैंगस्टर को ले गई।
जॉर्डन हत्याकांड के मामले में फरारी के दौरान हरियाणा पुलिस ने सबसे पहले संपत नेहरा को हैदराबाद से गिरफ्तार किया था।
जहां उससे कई दिन तक पूछताछ चली थी। इसके बाद इसको चूरू पुलिस अपने दर्ज प्रकरणों में पूछताछ के लिए ले गई थी। जहां कई दिन से पूछताछ चलती रही। आखिर में संपत नेहरा को श्रीगंगानगर पुलिस जॉर्डन हत्याकाण्ड में पूछताछ के लिए लेकर आई और करीब आठ-दस की लंबी पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। अब आरोपी को पंजाब पुलिस पूछताछ के लिए लेकर गई है।