https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/
श्रीगंगानगर में सिर्फ 40 किसानों को लाभ
श्रीगंगानगर। मूंग की सरकारी खरीद अभी तक मखौल बनी हुई है। खरीद की गाड़ी यह काम शुरू होने के एक पखवाड़े बाद भी पटरी पर नहीं आई है। श्रीगंगानगर की नई धान मंडी स्थित सरकारी खरीद केंद्र पर बुधवार शाम तक सिर्फ 40 किसान लाभान्वित हुए हैं। राजस्थान राज्य क्रय-विक्रय सहकारी संघ लि. (राजफैड) के लिए खरीद कर रही किसान क्रय-विक्रय सहकारी समिति ने मात्र 1390 कट्टों की खरीद की है, इनमें बुधवार को खरीदे गए 52 कट्टे भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि राजफैड मूंग खरीद के लिए पंजीयन का काम बंद कर चुका है। इसके लिए कोशिश करने वालों को बार-बार प्रयास नहीं करने और ऐसा करने की स्थिति में आईडी ब्लॉक होने की चेतावनी दी जा रही है। जानकारों के अनुसार यह भी स्पष्ट नहीं है कि दुबारा पंजीयन कब शुरू होगा। जब पंजीयन शुरू होगा तब किसान ई-मित्र पर यह काम नहीं करवा पाएंगे, उन्हें खरीद केंद्र पर पंजीयन के लिए आना होगा।
गिरदावरी अपलोड पर स्थिति स्पष्ट नहीं
सरकार को मूंग बेचने के लिए किसानों को सोमवार तक अपनी गिरदावरी अपलोड करवाने का समय दिया गया था, अवधि पूरी होने पर इसे आगे बढ़ाया गया है या नहीं, स्थिति स्पष्ट नहीं है। पहले राजफैड ने उन किसानों को चार दिन, गत मंगलवार तक का समय दिया था जो ई-मित्र आदि पर पूर्व में गिरदावरी अपलोड नहीं कर पाए थे। उसने कहा था कि जो ऐसा नहीं कर पाएंगे उन्हें खरीद केंद्र पर मूंग लाने का टोकन नहीं मिलेगा।
मिलान होने पर ही खरीद
राजफैड के अनुसार जिन किसानों को तुलाई की तारीख आवंटित हो गई है, वे खरीद केंद्र पर गिरदावरी का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मिलान होने के 5 दिन के अंदर तुलाई करवा सकेंगे। जिन किसानों ने गिरदावरी के अतिरिक्ति किसी अन्य दस्तावेज के आधार पर पंजीकरण करवाया है, वह मान्य नहीं होगा। किसान के दस्तावेज का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मिलान नहीं होने की स्थिति में खरीद केंद्र किसान से मूंग नहीं खरीदेंगे।
कृषि जिन्सों की आवक रही कम
चक्काजाम के कारण बुधवार को जिला मुख्यालय की नई धान मंडी में कृषि जिन्सों की आवक सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। नरमा की आवक 2646 क्विंटल, कपास की 18, ग्वार की 674, मूंग की 134, गेहूं की 45, सरसों की 65 एवं चना की आवक 30 क्विंटल रही। चक्काजाम की वजह से किसान काफी कम आए वहीं वाहनों की रेलमपेल भी नजर नहीं आई।