
केसरीसिंहपुर.
नगरपालिका प्रांगण में मंगलवार को हुई बोर्ड की बैठक में अतिक्रमण मुद्दे को लेकर दो पार्षद आमने-सामने हो गए। बात हाथापाई तक पहुंच गई लेकिन नगरपालिका अध्यक्ष ने हाथ जोड़कर मामला सुलझाया और सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। पालिका अध्यक्ष कालूराम बाजीगर की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक में कुल 12 एजेंडों पर चर्चा तो हुई लेकिन करीब आधे घंटे तक हंगामा ही होता रहा। हालांकि सभी एजेंडे सर्वसम्मति से पास कर दिए गए लेकिन कुछ पार्षद इसमें बदलाव चाहते थे पर काफी हंगामे के बाद सर्वम्मति बन पाई।
बैठक के दौरान जब अतिक्रमण के एजेंडे पर चर्चा का समय आया तो वार्ड 14 के भाजपा पार्षद राजेश गर्ग और वार्ड 2 के निर्दलीय पार्षद नरेश कुक्कड़ में तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई। एक बार तो नौबत हाथापाई तक आ गई। बाद में नगर पालिका अध्यक्ष ने हाथ जोड़ कर मामला शांत करवाया और फिर से बैठक शुरू हो पाई। उन्होंने बैठक हॉल में मौजूद अन्य लोगों व पत्रकारों को भी बाहर जाने की गुजारिश की। सबसे अधिक तकरार अतिक्रमण के मुद्दे पर हुई। कुछ पार्षदों का यह कहना था कि गौरव पथ के लिए वार्ड 11 में अतिक्रमण हटवा दिए लेकिन तह बाजार और हॉस्पिटल रोड से कब्जे हटाने की स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही। नगरपालिका डीएलबी के आदेश का हवाला देकर लीपापोती कर रही है। जबकि हाईकोर्ट के आदेशों की पालना नहीं हो रही।
ऐसे में नगरपालिका अध्यक्ष ने अतिक्रमण मुद्दे पर पार्षदों से अलग-अलग सुझाव मांगा, जिसमें तय हुआ कि इसको लेकर जल्द ही एक कमेटी बनाकर फैसला लिया जाएगा। इसके बाद मामला पूरी तरह से शांत हो पाया। बैठक में पालिका उपाध्यक्ष इंदुबाला, पार्षद यशपाल महरोलिया, वीरेंद्र कुमार, अनीता रानी, आशा रानी, श्री मंगतराम, नीलम कुमारी, मदनलाल, गुरविंदर कौर, संजय कुमार, सुरेश कुक्कड़, सोमनाथ सहित मनोनीत पार्षद मदन तायल, रविंद्र कुक्कड़, सतनाम दास, लक्ष्मी नारायण शर्मा, अधिशासी अधिकारी नरेश रस्सेवट आदि मौजूद रहे।
इन एजेंडों पर बन सर्वसम्मति
सफाई कर्मचारी रामकुमार जिसकी सितंबर 2017 को मृत्यु हो गई थी उसकी जगह उसके पुत्र सागर कुमार को सफाई सेवक के पद पर नियुक्ति देने, वार्ड 12 स्थित कचरा पात्र की जगह को अनियंत्रित स्थानांतरण के लिए विचार विमर्श किया गया। तय हुआ इसके लिए नगर पालिका कहीं और जमीन खरीदेगी। कई माह से जेईएन के रिक्त पद पर चर्चा करते हुए प्रस्ताव लिया कि स्वायत्त शासन विभाग को पत्र लिखकर जेईएन की स्थाई नियुक्ति की मांग की जाएगी। निकाय क्षेत्र में मुख्य मार्गों एवं सड़कों के नामकरण के संबंध में यह तय किया गया कि नगर पालिका रोड से लेकर उधम सिंह चौक तक स्मारक का नाम सिंधी सपूत अमर शहीद हेमू कालानी के नाम से रखा जाए। इसके अलावा वार्ड 7 का नाम शहीद भगत सिंह कॉलोनी, वार्ड 9 में स्थित पार्क का नाम डॉ. अंबेडकर पार्क रखने पर सर्वसम्मति बनी।