
-श्री झांकीवाले बालाजी मंदिर का वार्षिकोत्सव शुरू
-शहर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा
श्रीगंगानगर.
फिजां में गूंजते ‘छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना’ और ऐसे ही कई भजन।भजनों की धुन पर झूमते श्रद्धालु और जगह-जगह स्वागत कर शोभायात्रा में शामिल होते लोग। शहर में गुरुवार को उदाराम चौक स्थित श्री झांकीवाले बालाजी मंदिर के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में निकली शोभायात्रा में कुछ ऐसा ही माहौल था। अग्रसेन नगर चौक से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए उदाराम चौक स्थित मंदिर परिसर पहुंची।
शोभायात्रा के स्वागत के लिए रास्ते में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। लोग शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा करते हुए फिर शोभायात्रा में स्वयं भी शामिल हो जाते। विभिन्न संगठनों ने इसके लिए गुरुवार सुबह से ही तैयारी कर ली थी।
अखंड रामनाम संकीर्तन शुरू
शोभायात्रा के साथ ही मंदिर परिसर में अखंड राम नाम संकीर्तन शुरू कर दिया गया। संकीर्तन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। इस दौरान सेवादारों ने विभिन्न व्यवस्थाएं संभाली। मीरा मार्ग के निकट पुष्करणा युवा शक्ति संगठन ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में विधायक राजकुमार गौड़, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष ज्योति कांडा, संजय महिपाल, पूर्व विधायक राधेश्याम गंगानगर सहित कई लोग उपस्थित थे।