श्री गंगानगर

Video : चावल से भरे ट्रोला लूट का खुलासा, पांच बदमाश दबोचे

- इनोवा, ट्रक, एक कार व लूटे गए 725 बैग चावल बरामद
2 min read
• •
Updated: 24 Dec 2017, 8:55 PM IST
arrested robbers
arrested robbers

श्रीगंगानगर.

जिले के सूरतगढ़ सदर थाना इलाके में चार दिन पहले पालीवाला बस स्टैण्ड के समीप इनोवा में आए चार-पांच बदमाशों द्वारा हथियार की नोक पर चावल से भरा एक ट्रोला लूट मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार को पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनसे लूटा गया ट्रक व चावल आदि बरामद किए हैं। पूछताछ में जिले में हुई अन्य वारदात भी खुलने की उम्मीद है।

पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार महावर ने बताया कि 20 दिसंबर को जलालाबाद से एक्सपोर्ट क्वालिटी के चावल के 725 बैग एक ट्रोले में लेकर चालक अशोक कुमार मुंदड़ा पोर्ट गुजरात के लिए जा रहा था। रास्ते में रात करीब साढ़े आठ बजे सूरतगढ़ सदर इलाके में पालीवाला बस स्टैण्ड के समीप एक इनोवा में आए चार-पांच बदमाशों ने गाड़ी को आगे लगाकर ट्रोला रुकवा लिया और हथियार दिखाकर चालक व खलासी को बंधक बनाकर चावल से लदा ट्रोला लूटकर ले गए। चालक अशोक कुमार ने इस मामले में सूरतगढ़ सदर थाने में मामला दर्ज कराया।


इस वारदात को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह व सूरतगढ़ सीओ ओनाड़ सिंह के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। मामले में पुलिस ने इलेक्ट्रोनिक संसाधनों व टीम के अथक प्रयासों से त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात का पर्दाफाश किया। इस मामले में करणपुर निवासी राजकिरण पुत्र ओमप्रकाश कम्बोज, शाहपुरा फाजिल्का निवासी सुखदेव सिंह पुत्र धन्नासिंह, भगतसिंह माणकवाल लुधियाना निवासी हरजिन्द्र उर्फ शंकर पुत्र बूटाराम कम्बोज, निरवाणा निवासी सोनूराम पुत्र पृथ्वीराज मेघवाल व सादेकी जोहडी सूरतगढ़ निवासी मंगतसिंह उर्फ मंगू पुत्र रेशम सिंह को बापर्दा गिरफ्तार किया गया। इनकी जल्द ही शिनाख्त परेड कराई जाएगी। आरोपितों से पुलिस ने लूट में प्रयोग की गई इनोवा, एक कार, लूटा गया ट्रक व उसमें भरा चावल मानकसर से बरामद कर लिया है। इस खुलासे में थाना प्रभारी पदमपुर, करणपुर व हनुमानगढ़ टाउन के पुलिसकर्मियों का विशेष सहयोग रहा।

अंतरराज्यीय गैंग के हैं सदस्य
- ट्रोला लूट मामले में गिरफ्तार आरोपित अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य हैं और शातिर अपराधी हैं। इनमें से आरोपित राजकिरण पर हत्या, लूट, सुखदेव पर मादक पदार्थ प्रकरण, हरजिन्द्र उर्फ शंकर पर हत्या, लूट, धोखाधड़ी, सोनू व मगल पर मारपीट आदि के मामले दर्ज हैं। इन आरोपितों से पूछताछ में जिले में हुई अन्य लूट व चोरी आदि की वारदात खुलने की उम्मीद है। इनका आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में जो भी जुड़ा होगा, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Published on:
Also Read
View All