-- हनुमानगढ़ रोड पर चेताली एन्क्लेव के पास कार में मिला शव, मौके पर दौड़ी पुलिस, हनुमानगढ़ का रहने वाला था मृतक। रिश्तेदार के युवकों ने न्यू ईयर पार्टी में बुलाकर किया मर्डर.
श्रीगंगानगर. नए साल के पहले ही दिन शहर में सनसनी फैल गई, जब सदर थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ रोड पर चेताली एन्क्लेव के पास एक लावारिस खड़ी कार में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सीओ सिटी आईपीएस विशाल जांगिड़ के अनुसार देर रात कुछ युवकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी शव को कार में डालकर हनुमानगढ़ रोड पर बालाजी धाम और चेताली एन्क्लेव के बीच सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर एमओबी टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाए। सदर सीआई सुभाषचंद्र ढील ने बताया कि मृतक की पहचान हनुमानगढ़ निवासी पालाराम के रूप में हुई है। वह अपने भुआ के पोते के साथ लालगढ़ गांव आया था और वहीं कुछ युवकों के साथ न्यू ईयर पार्टी में शामिल हुआ। पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी इतनी बढ़ी कि रिश्तेदार युवकों ने पालाराम से जमकर मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के इरादे से कार में डालकर श्रीगंगानगर ले आए और सड़क किनारे कार खड़ी छोड़कर भाग गए। सीआई ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों के परिजनों ने ही मृतक के परिवार को हनुमानगढ़ में जाकर पूरी जानकारी दी। पुलिस ने लालगढ़ गांव में टीम भेज दी है। मृतक के परिजनों को बुलाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। वहीं हत्या की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।