
दुकानों पर रखी गुलाल। फोटो: पत्रिका
Sri Ganganagar News: होली का महापर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सदर बाजार और पुरानी धानमंडी में रंग, गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। विक्रेताओं के अनुसार इस बार पानी वाले रंगों की बजाय गुलाल की मांग अधिक है।
बाजार में डिस्को हाईलाइटर गुलाल, ऑर्गेनिक गुलाल, माइक्रो सॉफ्ट हर्बल गुलाल, पान, गुलकंद, लैवेंडर, लिली, मेरीगोल्ड फ्लेवर, कॉफी, स्ट्रॉबेरी और वनीला सुगंधित विकल्प उपलब्ध हैं। विक्रेता विजय कुमार के अनुसार ग्राहक त्वचा के अनुकूल व खुशबूदार गुलाल पसंद कर रहे हैं।
‘डिस्को हाईलाइटर गुलाल’ खास आकर्षण बना है। हर्बल रंगों की किट 200 से 300 रुपए में उपलब्ध है, जो फूलों से तैयार बताई जा रही है। वजन बढ़ने पर कीमत भी बढ़ती है।
जरा सोचिए! रंगों का पर्व होली हो और इस दौरान कोई माचिस की तीली से पटाखा जलाए और उससे रंग बरसाने की बात कहे तो आपका चौंकना लाजिमी है, लेकिन बाजारीकरण के इस दौर में यह सच है। बाजारों में हर्बल रंग और गुलाल तो हैं ही लेकिन ऐसे-ऐसे पटाखों की रेंज है जो धमाके के साथ खुशबूदार गुलाल और रंगों की बरसात कर देते हैं।
सिंगल शॉट, अनार, कलर बम, स्काई शॉट और रंगों वाले सिलेंडर नाम से बिक रहे ये आइटम वातावरण को रंगीन कर देते हैं। ब्रांडेड कंपनियों के नाम से बिक रही इन वस्तुओं को ग्राहक उत्साह से खरीद रहे हैं।
पिचकारियों से सजी दुकान। फोटो: पत्रिका
रंगों से भरे सिलेंडर गैस सिलेंडर की तरह दिखते हैं। दो किलो, छह किलो और साढ़े सात किलो तक के विकल्प हैं। कारोबारी मुकेश के अनुसार कीमत 700 से 1,200 रुपए तक है। वजन के अनुसार दर तय होती है। नॉब खींचिए और गुलाल उड़ाइए। इस सिलेंडर शॉट का नॉब खीचते ही इसमें से पानी नहीं गुलाल निकलेगा।
इसी प्रकार शॉट गन दबाते ही 280 बार रंग उड़ाएगी। युवाओं में इसकी मांग है। बच्चों के लिए ‘पुष्पा की कुल्हाड़ी’, ‘बाहुबली की तलवार’, हेलीकॉप्टर, ऑपरेशन सिंदूर मिसाइल डिजाइन पिचकारी उपलब्ध है। गुलाल टैंक, सिलेंडर, स्प्रे और गन की भी मांग है। सदर बाजार, गोल बाजार और पब्लिक पार्क मार्केट में ‘होली के रंग अपनों के संग’ स्लोगन वाली टी-शर्ट और मुखौटे भी खूब बिक रहे हैं। महिलाओं के लिए सूखे गुलाल के छोटे पैकेट उपलब्ध हैं। पक्के रंग भी अलग-अलग पैकिंग व कीमत में मौजूद हैं।
Updated on:
27 Feb 2026 06:10 pm
Published on:
27 Feb 2026 05:53 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
